श्रीगंगानगर. रायसिंहनगर में युवती से रेप का मामला सामने आया है। रेप करने वालों में तीन बीएसएफ (सीमा सुरक्षा बल) जवान भी शामिल हैं। घटना रायसिंहनगर की कुम्हार बस्ती के एक दूध डेयरी के गोदाम में हुई। युवती ने डेयरी मालिक और उसके कर्मचारी सहित पांच के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है।
मामले में युवती ने तीन बीएसएफ जवानों के भी शामिल होने की शिकायत की थी। पीड़िता का कहना है कि वह उनके नाम नहीं जानती। पुलिस ने इस मामले में डेयरी मालिक और उसके कर्मचारी से घटना के बारे में जानकारी जुटाई है। उसके बाद बीएसएफ जवानों को भी उच्च अधिकारियों की अनुमति के बाद पूछताछ कर गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारियों का कहना है कि अब पीड़िता से इनकी पहचान कराई जाएगी।
दूध लेने गई थी युवती
पीड़ित युवती मूल रूप से श्रीगंगानगर की रहने वाली है। अभी रायसिंहनगर में रह रही है। युवती ने पुलिस को बताया कि वह शुक्रवार शाम दूध लेने डेयरी पर गई थी। आरोप है कि वहां डेयरी मालिक वेदप्रकाश उर्फ श्योपत (26) व उसके कर्मचारी संजय कुमार (32) ने युवती को कमरे में बंद कर दिया।
इसके बाद वे बीएसएफ के दो हेड कॉन्स्टेबल नेमाराम (30), प्रवीण कुमार (44) व कॉन्स्टेबल संजीव कुमार (34) को भी बुला लाए। पांचों ने रात 8 बजे से देर रात 1 बजे तक युवती से दुष्कर्म किया और 5 घंटे तक कमरे में बंद रखा। पुलिस ने बताया कि नेमाराम यूपी के बागपत का रहने वाला है। वहीं, प्रवीण कुमार और संजीव कुमार पंजाब के पठानकोट के हैं।