नई दिल्ली
न्यूजीलैंड में आईसीसी वुमेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप 2022 मार्च में शुरू होना है। इससे पहले न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड को घरेलू सीरीजों का शेड्यूल बदलना पड़ा है। कोरोना वायरस महामारी के कारण सीरीजों को कम से कम स्थानों पर आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। हालांकि, अच्छी बात ये है कि वुमेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप 2022 की जगहों को नहीं बदला गया है। इस बात का ऐलान टूर्नामेंट के सीईओ एंड्रीय नेल्सन ने किया है।
एंड्रीय नेल्सन ने शुक्रवार को कहा है कि मेजबान देश न्यूजीलैंड में हाल ही में कोविड-19 के ओमिक्रॉन संस्करण के प्रसार के बावजूद आयोजन स्थलों की संख्या या कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं होगा। महिला विश्व कप 4 मार्च से न्यूजीलैंड में होने वाला है, जिसमें मेजबान टीम टूर्नामेंट के पहले मैच में वेस्टइंडीज से भिड़ेगी। हालांकि, न्यूजीलैंड ने हाल ही में कई प्रतिबंधों के कारण COVID-19 मामलों में वृद्धि देखी है।