बीते दिन राजस्थान रॉयल्स के सलामी बल्लेबाज जोस बटलर ने UAE में खेले जाने वाले IPL 2021 के फेज-2 से अपना नाम वापस ले लिया था। टीम के फैंस अभी तक इस झटके से उबर भी नहीं पाए थे कि अब बेन स्टोक्स के भी दूसरे चरण में हिस्सा लेने पर सवालिया निशान खड़े हो गए है।
स्टोक्स के खेलने पर संदेह
दरअसल, स्टार ऑलराउंडर बेन स्टोक्स के आईपीएल फेज-2 में खेलने पर संदेह है। स्टोक्स ने पिछले महीने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से अनिश्चितकाल के ब्रेक की घोषणा की थी। 30 वर्षीय स्टोक्स ने अपने फैसले की वजह मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देना बताया था।
पहले हाफ में हो गए थे चोटिल
IPL-14 के पहले हाफ में बेन स्टोक्स राजस्थान रॉयल्स के लिए उपलब्ध थे, लेकिन टीम के लिए वो सिर्फ एक ही मुकाबला खेल सके। पंजाब किंग्स के खिलाफ खेले गए इस मैच में स्टोक्स फील्डिंग करते हुए अपनी उंगली चोटिल करा बैठे थे, जिसके चलते उनको कुछ समय तक मैदान से दूर रहना पड़ा।
स्टोक्स ने पाकिस्तान के खिलाफ लिमिटेड ओवर सीरीज में वापसी की और बतौर कार्यवाहक कप्तान इंग्लैंड को 3-0 से वनडे सीरीज भी जीताई। इस दौरान उन्होंने काफी समय बायो बबल में बिताया और लंबे समय तक अपने परिवार से दूर रहे। जिसको ध्यान में रखते हुए बेन स्टोक्स ने क्रिकेट से ब्रेक का एलान किया।
इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड के डायरेक्टर ने किया समर्थन
बेन स्टोक्स के क्रिकेट से ब्रेक लेने के बाद इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड के निदेशक एश्ले जाइल्स ने इसका समर्थन किया था। उन्होंने बयान में कहा था- बेन स्टोक्स ने अपनी भावनाओं के बारे में खुलकर बात करने के लिए जबरदस्त साहस दिखाया है। हमारा ध्यान हमेशा अपने सभी खिलाड़ियों के मानसिक स्वास्थ्य और कल्याण पर रहा है और रहेगा।
जाइल्स ने आगे कहा था- कम से कम परिवार से काफी वक्त तक दूर रहना और वक्त बिताना बेहद चुनौतीपूर्ण है। पिछले 16 महीनों में इस तरह के माहौल (बायो बबल) में रहने का प्रभाव सभी पर पड़ा है। बेन को तब तक आराम दिया जाएगा, जब तक उन्हें जरूरत होगी। हम भविष्य में उन्हें इंग्लैंड के लिए क्रिकेट खेलते हुए देखने के लिए उत्सुक हैं।
राजस्थान के हैं अहम खिलाड़ी
बेन स्टोक्स राजस्थान रॉयल्स के अहम खिलाड़ियों में से एक हैं। राजस्थान के लिए आईपीएल में उन्होंने कुल 31 मुकाबले खेले हैं और 130.45 के स्ट्राइक रेट के साथ 604 रन बनाने में सफल रहे हैं। टीम के लिए वह एक शतकीय पारी भी खेल चुके हैं। बात गेंदबाजी आंकड़ों की करें तो स्टोक्स के खाते में राजस्थान रॉयल्स के लिए कुल 16 विकेट आए हैं।
अगर स्टोक्स UAE चरण के लिए उपलब्ध नहीं रहते हैं तो यह राजस्थान रॉयल्स के लिए जोस बटलर के बाद दूसरा बड़ा झटका होगा। फिलहाल टीम 7 मैचों में से 3 में मिली जीत के साथ पॉइंट टेबल में पांचवें पायदान पर है।