मुंबई
रॉकिंग स्टार यश (Yash) की फिल्म केजीएफ चैप्टर 2 (KGF Chapter 2) को दर्शकों और क्रिटिक्स ने खूब पसंद किया था। फिल्म ने थिएटर में जोरदार धमाका किया था और उसके बाद फिल्म प्राइम वीडियो पर ‘अर्ली एक्सेस ‘रेंटल पर आ गई, जिसे दर्शकों ने काफी एन्जॉय किया। केजीएफ 2 के बाद अब प्राइम वीडियो ने अजय देवगन, रकुल प्रीत सिंह और अमिताभ बच्चन स्टारर फिल्म रनवे 34 को लेकर ऐलान किया है। अजय देवगन द्वारा निर्देशित और निर्मित, रनवे 34 अब अमेजन प्राइम वीडियो पर रेंट पर उपलब्ध है। दर्शक प्राइम वीडियो पर मूवी रेंटल्स के साथ, डिजिटल सब्सक्रिप्शन से पहले फिल्म को देख सकते हैं।
199 रुपये में रेंट पर ले सकते हैं फिल्म
बता दें कि मूवी लवर्स – प्राइम मेंबर्स और जो अभी तक प्राइम मेंबर नहीं हैं, वे भी प्राइम वीडियो पर फ़िल्म को 4K क्वालिटी में 199 रुपये रेंट पर ले सकते हैं और अपने घर जैसे कंफर्ट वाले माहौल में मूवी का आनंद ले सकते हैं। रनवे 34 के अलावा, दर्शक दुनिया भर की लोकप्रिय फिल्मों (पुरस्कार विजेता और फ्रेंचाइजी) की एक वृहद कैटालॉग में से लेटेस्ट भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय फिल्मों को भी रेंट पर ले सकते हैं।
क्या है कहानी
सच्ची घटनाओं से प्रेरित, रनवे 34 की कहानी कैप्टन विक्रांत खन्ना, जो की एक कुशल पायलट है, के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका किरदार अजय देवगन ने निभाया है। कैप्टन विक्रांत की फ्लाइट एक अंतरराष्ट्रीय गंतव्य से उड़ान भरने के बाद एक रहस्यमयी रास्ता अपनाती है । फ़िल्म का शानदार विजुअल ट्रीटमेंट, दिलचस्प कहानी और स्क्रीनप्ले फिल्म को एक मस्ट वाच बनाते हैं। अजय देवगन फिल्म्स के बैनर तले बनी रनवे 34 के निर्माता और निर्देशक अजय देवगन हैं। फिल्म में अजय देवगन के अलावा, अमिताभ बच्चन, रकुल प्रीत सिंह, बोमन ईरानी, अंगिरा धर और आकांक्षा सिंह आदि मुख्य भूमिकाओं में हैं।