नई दिल्ली
देश का सबसे बड़ा आईपीओ बहुत जल्द मार्केट में दस्तक देने वाला है। खबर है कि भारतीय जीवन बीमा निगम यानी एलआईसी (LIC) का आईपीओ अगले महीने मार्च में लॉन्च हो सकता है। प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार एलआईसी आईपीओ के जरिये 5% हिस्सेदारी बेचने की योजना बना रही है। एलआईसी के इस आईपीओ में कंपनी की कुल इक्विटी का साइज 632 करोड़ शेयरों का होगा। आईपीओ में करीब 31.6 करोड़ शेयरों की बिक्री होगी। बता दें कि एलआईसी ने रविवार (13 फरवरी) को सेबी (SEBI) के पास डीआरएचपी (DRHP) फाइल कर दी है।
आईपीओ को लेकर है उत्साह
एलआईसी आईपीओ को लेकर लोगों में जबरदस्त क्रेज है, वे बेसब्री से आईपीओ का इंतज़ार कर रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर शेयर मार्केट का बुरा हाल है, पिछले कुछ दिनों से बाजार में लगातार गिरावट देखी जा रही है। विदेशी फंडों ने लगातार चार महीनों से अधिक समय से भारत के शेयरों से पैसा निकाला है और स्थानीय निवेशक पिछले साल एक और हाई-प्रोफाइल आईपीओ पर घाटे से जूझ रहे हैं। ऐसे में शेयर बाजार निवेशकों में डर का माहौल भी है। आइए जानते हैं इस पर एक्सपर्ट की क्या राय है?
क्या कह रहे हैं एक्सपर्ट
बसंत माहेश्वरी वेल्थ एडवाइजर्स एलएलपी के सह-संस्थापक बसंत माहेश्वरी ने कहा, “मुझे लगता है कि एलआईसी एक बहुत अच्छा आईपीओ है, लेकिन यह इसके लिए सही समय नहीं हो सकता है।” एलआईसी की लिस्टिंग को लेकर काफी उम्मीदें हैं। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 2020 में परियोजना की घोषणा के बाद से आईपीओ को लगभग एक साल के लिए स्थगित कर दिया था। माहेश्वरी ने कहा, “इसकी कीमत इस तरह से तय की जानी चाहिए कि लोग पैसा कमा सकें। अगर केवल जारीकर्ता पैसा बनाता है, तो इस आईपीओ के लॉन्ग टर्म इम्प्लिकेशन्स खराब होंगे।”