Sunday, May 17निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

NSE की पूर्व एमडी चित्रा रामकृष्ण पर CBI का शिकंजा, देश छोड़ने पर लगी रोक

नई दिल्ली

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) की पूर्व मैनेजिंग डायरेक्टर चित्रा रामकृष्ण पर जांच एजेंसियों का शिकंजा कसता जा रहा है। बीते गुरुवार को आयकर विभाग की छापेमारी के बाद अब सीबीआई ने भी रामकृष्ण से पूछताछ की है। सीबीआई ने रामकृष्ण और एक अन्य पूर्व सीईओ रवि नारायण और पूर्व सीओओ आनंद सुब्रमण्यन के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर भी जारी किया है, ताकि उन्हें देश छोड़ने से रोका जा सके।

केंद्रीय जांच एजेंसी ने स्टॉक मार्केट में जल्दी पहुंच बनाकर लाभ कमाने के लिए एनएसई की ‘‘को-लोकेशन’’ सुविधा का कथित तौर पर दुरुपयोग करने को लेकर दिल्ली स्थित ओपीजी सिक्योरिटी प्राइवेट लिमिटेड के मालिक और प्रमोटर संजय गुप्ता और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एजेंसी भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) और एनएसई, मुंबई के अज्ञात अधिकारियों और अन्य लोगों के खिलाफ पहले से जांच कर रही थी। 

जांच एजेंसी का क्या है कहना: सीबीआई ने अपनी प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि निजी कंपनी के मालिक और प्रमोटर ने एनएसई के अज्ञात अधिकारियों के साथ साजिश करके एनएसई के सर्वर का दुरुपयोग किया। सीबीआई ने यह भी आरोप लगाया कि एनएसई, मुंबई के अधिकारियों ने वर्ष 2010 से 2012 के दौरान ‘‘को-लोकेशन’’ सुविधा का दुरुपयोग करके उस कंपनी को अनुचित पहुंच उपलब्ध कराई। सीबीआई के मुताबिक इस अनुचित पहुंच का इस्तेमाल करके कंपनी स्टॉक एक्सचेंज के सर्वर में सबसे पहले लॉगइन करने में सक्षम हो गई, जिससे उसे अन्य ब्रोकर से पहले डाटा हासिल करने में मदद मिली।