नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को टोक्यो ओलिंपिक में हिस्सा लेने वाले सभी खिलाड़ियों से अपने आवास पर मुलाकात की। प्रधानमंत्री एथलीटों को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए सम्मानित करते नजर आए। PM मोदी ने खिलाड़ियों का सम्मान करने से पहले सभी के साथ ब्रेक-फास्ट भी किया। साथ ही उन्होंने ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली पीवी सिंधु के साथ अपने आइसक्रीम खाने के वादे को भी निभाया। तस्वीरों में देखिए मोदी की पदक वीरों के साथ मुलाकात…

पीवी सिंधु के टोक्यो रवाना होने से पहले PM मोदी ने कहा था आप सफल होकर आएंगी तो मैं आपके साथ आइसक्रीम खाऊंगा

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने PM मोदी को ऑटोग्राफ की गई हॉकी स्टिक भेंट की

बजरंग पूनिया, विनेश फोगाट, रवि दहिया और अन्य खिलाड़ियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

भारत के लिए एथलेटिक्स में गोल्ड जीतने वाले नीरज चोपड़ा के साथ PM मोदी

नीरज चोपड़ा ने 87.58 मीटर का भाला फेंककर टोक्यो 2020 में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रचा है|

पीवी सिंधु ने रियो ओलिंपिक में रजत और टोक्यो 2020 में कांस्य पदक जीता

हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह के साथ नरेंद्र मोदी
ऐसे पूरा किया अपना वादा
जब ओलिंपिक के लिए खिलाड़ी रवाना हुए थे तब मोदी ने पीवी सिंधु से वादा किया था कि जब आप भारत लौटेंगी तो आपको आइसक्रीम खिलाएंगे। आज उन्होंने अपना वादा निभाते हुए सिंधु के साथ बटर-स्कॉच आइसक्रीम खाई। साथ ही खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी नीरज चोपड़ा से बादा किया था कि जब वह स्वदेश वापस लौटेंगे तो PM मोदी उन्हें चूरमा खिलाएंगे। PM मोदी ने दोनों वादों को पूरा कर दिया।
तालियों की गड़गड़ाहट के साथ हुआ था खिलाड़ियों का सम्मान
कल 15 अगस्त के मौके पर भी लाल किले पर झंडा फहराने के बाद नरेंद्र मोदी ने टोक्यो 2020 में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को लेकर कहा था- एथलीट्स पर विशेष तौर पर हम ये गर्व कर सकते हैं कि उन्होंने केवल दिल ही नहीं जीता, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करने का बहुत बड़ा काम किया है। PM खिलाड़ियों से मिलने उनके बीच भी गए। इस दौरान कोरोना प्रोटोकॉल का पूरा ध्यान रखा गया।
टोक्यो में गया था सबसे बड़ा दल
टोक्यो ओलिंपिक में इस बार भारत का ओर से 228 सदस्यों का दल भेजा गया था। इसमें 119 खिलाड़ियों सहित 67 पुरुष और 52 महिला प्रतिभागी शामिल थे। ओलिंपिक में भेजा गया ये भारत का अभी तक का सबसे बड़ा दल भी था।
भारत की झोली में आए 7 पदक
टोक्यो ओलिंपिक में भारतीय एथलीटों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। भारत इस बार एक गोल्ड सहित कुल 7 पदक जीतने में सफल रहा। भारत ने एक गोल्ड, 2 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज मेडल जीतकर अपने नाम किए। देश को एकमात्र गोल्ड एथलेटिक्स में नीरज चोपड़ा ने जिताया।