नई दिल्ली
देश की मल्टिप्लेक्स इंडस्ट्री (multiplex industry in india) में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। भारत की दो सबसे बड़ी मल्टिप्लेक्स चेन- पीवीआर सिनेमाज और आईनॉक्स लीजर के बीच मर्जर यानी विलय को मंजूरी दे दी गई हैं। दरअसल, पीवीआर और आईनॉक्स (PVR-Inox) कंपनी के बोर्ड्स की आज यानी रविवार 27 मार्च को इस प्रस्ताव को मंजूरी देने के लिए काफी समय से मीटिंग चल रही थी। इस विलय के बाद पीवीआर के सीएमडी अजय बिजली ही कंपनी के नए एमडी होंगे।
पीवीआर लिमिटेड (ट्रांसफर कंपनी) ने रविवार को कहा कि उसके निदेशक मंडल ने कंपनी में और उसके साथ आईनॉक्स लीजर लिमिटेड (ट्रांसफर कंपनी) के मर्जर योजना को मंजूरी दे दी है। आईनॉक्स के बोर्ड ने विलय योजना को भी मंजूरी दे दी है। बता दें कि इस डील के बाद अब फिल्म एग्जिबिशन इंडस्ट्री का एक नया रूप देखने को मिल सकता है। विलय के बाद पीवीआर और आईनॉक्स लीजर संयुक्त रूप से पूरे भारत में 1,500 से अधिक स्क्रीनों के मालिक होंगे।
दोनों कंपनियां शेयर बाजार में लिस्टेड हैं
बता दें कि पीवीआर और आईनॉक्स दोनों ही कंपनियां शेयर बाजार में लिस्टेड हैं। समामेलन के लिए शेयर विनिमय अनुपात आईनॉक्स के 10 शेयरों के लिए पीवीआर के तीन शेयर होंगे। विलय के बाद, आईनॉक्स प्रमोटरों की संयुक्त यूनिट में 16.66 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी, जबकि पीवीआर प्रमोटरों की 10.62 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी। विलय के बाद आईनॉक्स के प्रमोटर्स पीवीआर के मौजूदा प्रमोटर्स के साथ विलय की गई यूनिट में को-प्रमोटर बन जाएंगे।