भरतपुर
राजस्थान के भरतपुर में आज राज्य मंत्री सुभाष गर्ग के घर आस-पास और शहर में बड़ी संख्या में रीट से संबंधित आपतिजनक होर्डिंग लगें देखकर लोग आश्चर्यचकित रह गए। भाजपा युवा मोर्चा की तरफ से लगाये गए इन होर्डिंग में लिखा है कि “रीट के पेपर उचित दरों पर उपलब्ध है…संपर्क करें राजीव गांधी स्टडी सर्किल”।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने इन होर्डिंग की जिम्मेदारी ली है। हालांकि होर्डिंग की जानकारी मिलते ही नगर निगम ने इन्हें हटवा दिया है लेकिन आश्चर्यजनक बात यह है कि बीती रात किसी समय लगाए गए इन आपतिजनक होर्डिंग को लगाए जाने की भनक पुलिस तक को नही लगी जिससे पुलिस की गश्त व्यवस्था की कलई भी खुलकर सामने आ गई है। मामले में भाजपा जिला अध्यक्ष शैलेश सिंह ने जिम्मेदारी ली है।
उन्होंने बताया कि बीजेपी युवा मोर्चा की तरफ से शहर में होर्डिंग लगाए गए हैं। प्रदेश के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है। प्रदेश का युवा उम्मीद कर रहा है कि भाजपा इसका विरोध करे और रीट पेपर को निरस्त करवाने का काम करें। भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने जयपुर में रीट पेपर को लेकर विरोध प्रदर्शन किया और कांग्रेस ने सभी कार्यकर्ताओं पर बर्बरता से लाठीचार्ज किया। जांच एजेंसी छोटी-छोटी मछलियों को पकड़ रही है। बड़े लोगों तक कोई आंच नहीं आ रही।