जयपुर
राजस्थान में भाजपा सांसद किरोड़ी लाल मीणा का धरना सैनिक कल्याण मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा के लिए गले की फांस बन गया है। क्योंकि सैनिक कल्याण मंत्री राजेंद्र गुढ़ा पीड़ित परिवार की 10 लाख आर्थिक सहायता और आश्रित को सरकारी नौकरी देने की मांग पूरा कर पाने में पूरी तरह असमर्थ है। मंत्री गुढ़ा के सामने दिक्तत यह है कि किरोड़ी लाल को जबरन अपने राजकीय आवास से धरने से भी नहीं हटवा सकते। क्योंकि पीड़ित परिवार मंत्री के निर्वाचन क्षेत्र का है। पीड़ित परिवार को जबरन हटाने पर क्षेत्र में लोगों की नाराजगी झेलनी पड़ सकती है। सांसद किरोड़ी लाल रीट पेपर लेकर आ रहे कंटेनर पलटने से मारे गए ड्राइवर के परिवार को मुआवजा देने की मांग को लेकर मंत्री गुढ़ा के आवास पर गत तीन दिनों से धरना दे रहे हैं।
पुलिस से बातचीत का वीडियो वायरल
उल्लेखनीय है कि हादसे का शिकार होने वाला पीड़िता परिवार सैनिक कल्याण मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा के विधानसभा क्षेत्र उदयपुरवाटी का रहने वाला है। इस बीच मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा का पुलिस अधिकारियों से बातचीत का वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें वह पुलिस अधिकारियों से कह रहे हैं कि किरोड़ी लाल का जबरन धरने से हटाया गया तो मामला उनके ऊपर आ जाएगा। पुलिस को मंत्री गुढ़ा ने फोन पर कहा कि आप कहीं पर भी कार्रवाई करो, लेकिन यदि उनके आवास पर कार्रवाई की तो मामला मेरे उनके ऊपर जाएगा। किरोड़ी 10 लाख का मुआवजा दिला रहे हैं और मैं नहीं दे रहा। यह मैसेज जाएगा और मेरी तो पूरी ही तल जाएगी। उनकी यही बातचीत वायरल हुई है। हालांकि, हिंदुस्तान लाइव वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।