Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

कुएं में कैसे गिरी मासूम? 80 फीट गहरे कुएं में पाइप पकड़कर घंटों रही खड़ी, फिर ऐसे बची जान

उदयपुर

राजस्थान के राजसमंद स्थित धोइंदा में एक अजीब घटना हुई। अस्सी फीट गहरे कुएं में गले तक डूबी पांच साल की एक बच्ची घंटों पाइप पकड़े खड़ी रही। कुएं से बच्ची की पुकार सुनकर खेत में काम कर रही महिला ने ग्रामीणों की मदद से बच्ची को बाहर निकाला। आशंका जताई जा रही है कि बच्ची को किसी ने कुएं में फेंका है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

कुएं में 50 फीट तक भरा है पानी
गांववालों के मुताबिक कुआं 80 फीट गहरा है। इसमें 50 फीट तक पानी भरा हुआ है। ऐसे में बच्ची का बचना लोग चमत्कार मान रहे हैं। बच्ची को बचाने वाली महिला ने बताया कि उसने पहले वहां से एक बाइक को जाते हुए देखा था। कुएं के पास मोटर बंद करने गई तो उसे कुएं के अंदर से बच्ची की पुकार सुनाई दी। बच्ची अपने पापा को पुकार रही थी। महिला ने देखा तो बच्ची गले तक डूबी थी।

ऐसे बचाया गया
कुएं के अंदर उतरने के लिए कुछ स्टेप बने हुए हैं। महिला ने मदद के लिए एक शख्स को बुलाया। दोनों स्टेप के जरिए कुएं में उतरे। महिला ने अपनी साड़ी बच्ची तक फेंकी। बच्ची ने साड़ी को पकड़ा और महिला और शख्स ने बच्ची को ऊपर खींच लिया। बच्ची डरी हुई थी, लेकिन गांव वालों ने उसे चॉकलेट दी और मोबाइल पर कार्टून फिल्म दिखाई तब जाकर बच्ची सामान्य स्थिति में आई। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।