नई दिल्ली
उत्तराखंड और गोवा में 14 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को प्रचार समाप्त हो गया है। ये दोनों राज्य राजनीतिक अस्थिरता के लिए जाने जाते हैं जहां भाजपा सत्ता बनाए रखने का प्रयास कर रही है। 14 फरवरी को ही उत्तर प्रदेश में होने वाले दूसरे चरण के चुनाव के लिए भी प्रचार अभियान कल संपन्न हो गया। आज पंजाब पर फोकस रहेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सरीखे नेताओं की आज यहां रैली होने वाली है।
भाजपा नेता जहां विकास के लिए मतदाताओं से फिर से “डबल इंजन की सरकार” लाने का आह्वान करते रहे हैं, वहीं कांग्रेस और आप जैसे विपक्षी दल महंगाई और किसानों के मुद्दे को लेकर भाजपा पर निशाना साधते रहे हैं। उत्तराखंड की सभी 70 विधानसभा सीट और गोवा की सभी 40 सीट पर सोमवार को मतदान होगा। इसके अलावा उत्तर प्रदेश में दूसरे चरण के चुनाव में सोमवार को 55 सीट के लिए मतदान होगा। मतों की गिनती 10 मार्च को होगी।