नई दिल्ली
फरवरी 2021 तक श्रेयस अय्यर टीम इंडिया का अटूट हिस्सा थे, लेकिन इसके बाद उनको चोट लग गई और फिर वे ICC T20 World Cup 2021 के लिए रिजर्व के तौर पर टीम के साथ जुड़े। वहीं, फरवरी 2022 में उन्होंने ये साबित कर दिया है कि ऑस्ट्रेलिया में इस साल खेले जाने वाले टी20 विश्व कप के लिए उनका स्थान टीम में पक्का है, क्योंकि वे लगातार दमदार पारियां खेल रहे हैं। विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने भी ये स्वीकार किया है कि उनको नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
दिनेश कार्तिक को लगता है कि भारत के लिए हाल ही में खेले गए कुछ मैचों की वजह से श्रेयस अय्यर ने टी 20 विश्व कप 2022 के लिए ऑस्ट्रेलिया की यात्रा करने वाली टीम में अपना स्थान पक्का कर लिया है। उन्हें लगता है कि बल्लेबाज ने भारत की योजनाओं में शामिल होने के लिए एक मजबूत प्रदर्शन किया है, लेकिन उन्हें खुद पता होगा कि विश्व कप शुरू होने पर वह प्लेइंग इलेवन में होंगे या नहीं, ये वक्त बताएगा, क्योंकि टीम के पास कई और खिलाड़ी भी मौजूद हैं। आपके पास केएल राहुल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव और रिषभ पंत भी हैं, जो शीर्ष पर खेलते हैं।