USA और पापुआ न्यू गिनी के बीच खेले जा रहे दूसरे वनडे मैच में दाएं हाथ के बल्लेबाज जसकरन मल्होत्रा ने इतिहास रच दिया है। पापुआ न्यू गिनी के खिलाफ जसकरन मल्होत्रा एकदिवसीय क्रिकेट के एक ओवर की सभी गेंदों पर 6 छक्के लगाए। वनडे क्रिकेट में यह सिर्फ दूसरा ऐसा मौका रहा, जब किसी खिलाड़ी एक ओवर की सभी गेंदों पर छक्के लगाए हो।
गिब्स के रिकॉर्ड की हुई बराबरी
31 वर्षीय जसकरन मल्होत्रा से पहले साउथ अफ्रीका के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी हर्शल गिब्स वनडे क्रिकेट के एक ओवर की सभी गेंदों पर छक्के लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम किया था। गिब्स ने 2007 के एकदिवसीय वर्ल्ड कप के दौरान लेग स्पिनर दान वैन बंज के एक ओवर में छह छक्के लगाते हुए इतिहास रचा था। उस समय हर्शल गिब्स इंटरनेशनल क्रिकेट में यह करिश्मा करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बने थे।
खास क्लब में बनाई जगह
इंटरनेशनल क्रिकेट में एक ओवर की सभी 6 गेंदों पर 6 छक्के लगाने वाले जसकरन सिर्फ चौथे खिलाड़ी बने। उनसे पहले हर्शल गिब्स बनाम नीदरलैंड (वनडे, 2007), भारत के युवराज सिंह बनाम इंग्लैंड (टी-20, 2007) और वेस्टइंडीज के कीरोन पोलार्ड बनाम श्रीलंका (टी-20, 2021) यह रिकॉर्ड बना चुके हैं।
5वें नंबर पर खेली ऐतिहासिक पारी
जसकरन मल्होत्रा ने पापुआ न्यू गिनी के खिलाफ 5वें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 124 गेंदों पर नाबाद 173 रन बनाए। अपनी इस पारी में उन्होंने 4 चौके और 16 छक्के लगाए। जसकरन ने दाएं हाथ के तेज गेंदबाज गौड़ी टोक के एक ओवर की सभी छह गेंदों पर छक्के लगाए। उन्होंने यह रिकॉर्ड USA की पारी के आखिरी ओवर में बनाया। साथ ही वह वनडे क्रिकेट में USA के लिए शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी भी बने। जसकरन की नायाब पारी के चलते USA ने 50 ओवर में 271/9 का स्कोर बनाया।
भारतीय मूल के हैं जसकरन
जसकरन मल्होत्रा मूलत: पंजाब के रहने वाले हैं और उनका जन्म 4 नवंबर 1989 को पंजाब के चंडीगढ़ में हुआ था। अभी तक उन्होंने किुल 7 वनडे मैच खेले हैं और 45.60 की औसत के साथ 228 रन बनाए हैं।