नई दिल्ली
मीडिया हाउस जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज को अपने सबसे बड़े शेयरधारक इनवेस्को से राहत मिली है। दरअसल, इनवेस्को ने जी एंटरटेनमेंट के बोर्ड में बदलाव की मांग छोड़ दी है। इनवेस्को ने एक बयान में कहा कि हमने अपनी मांग नोटिस को वापस लेने का फैसला किया है। इस नोटिस में जी के बोर्ड से एमडी और सीईओ पुनीत गोयनका को हटाने की मांग की गई थी।
इसके साथ ही इनवेस्को ने भी सोनी के साथ जी के प्रस्तावित विलय को समर्थन दिया है। ये खबर ऐसे समय में आई है जब हाल ही में बॉम्बे हाईकोर्ट ने इनवेस्को की दायर अपील पर एकल न्यायाधीश के फैसले को रद्द कर दिया था।
क्या था मामला: दरअसल, इस मामले की शुरुआत सितंबर 2021 में हुई जब जी एंटरटेनमेंट के सबसे बड़े शेयरधारक इनवेस्को ने असाधारण आम सभा बुलाने की मांग की। इनवेस्को का आरोप था कि जी एंटरटेनमेंट सुचारू ढंग से नहीं चल रही है। इसके साथ ही कंपनी ने जी के निदेशक मंडल से सीईओ पुनीत गोयनका समेत तीन निदेशकों को हटाने की भी मांग की थी।