नई दिल्ली
रूस-यूक्रेन के बीच युद्ध शुरू हुए करीब एक महीना होने को है। अब जहां पूरी दुनिया पर परमाणु युद्ध का खतरा मंडराने लगा है तो वहीं महंगाई की भठ्ठी में आम आदमी तप रहा है। इस युद्ध की वजह से कच्चे तेल के भाव आसमान छूने लगे, जिसका असर सभी प्रकार की वस्तुओं पर दिखने लगा है। पिछले एक महीने में भारतीय बाजारों में आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में भारी उछाल आया है। खासकर खाद्य तेलों और जिंसों की कीमतों पर।
सूरजमुखी तेल की कीमत में 20 फीसद की उछाल
उपभोक्ता मंत्रालय की वेबसाइट पर दिए गए आंकड़ों के मुताबिक 23 फरवरी को भारत में सूरजमुखी तेल (पैक) की औसत कीमत 151.08 रुपये प्रति किलो थी। अब 23 मार्च को सूरजमुखी तेल की कीमत 20.72 फीसद उछलकर 182.38 रुपये पर पहुंच गई। इसकी तरह 148.09 रुपये में एक किलो मिलने वाला सोया ऑयल 9.83 फीसद महंगा होकर 162.64 रुपये पर पहुंच गया।