श्रीगंगानगर (सीमा सन्देश)। नगर परिषद में नेता प्रतिपक्ष डॉ. बबीता गौड़ ने नालों की सिल्ट निकालने के नाम पर शहर के लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ का आरोप लगाया है। उन्होंने सभापति पर आरोप लगाते हुए कहा है कि करुणा चांडक सिल्ट निकलवाने के नाम पर शहर में गंदगी व बीमारी फैलाने का काम कर रही हैं। होना तो यह चाहिए कि इस सिल्ट को हाथों हाथ ट्रॉलियों में भरकर बाहर भेजा जाता। डॉ. बबीता गौड़ ने कहा कि अशोक चांडक व करुणा चांंडक हर काम में अपनी मनमर्जी कर राजकोष को नुकसान पहुंचा रहे हैं। शहर के अस्पतालों को भी अभयदान दे दिया है, वरना क्या कारण है कि 70 से अधिक अस्पताल आवासीय क्षेत्र में चल रहे हैं और उनका व्यावसायिक रूपांतरण नहीं हुआ है। डॉ. गौड़ ने कहा कि हमारे बार-बार आवाज उठाने व शिकायत करने के बाद भी चांडक द्वारा इन अस्पतालों के विरुद्ध कार्यवाही न करना दर्शाता है कि अस्पताल-मालिकों ने चांडक परिवार को मैनेज कर लिया है। इस संबंध में आयुक्त की चुप्पी भी सवाल पैदा करती है। क्या कारण है कि आज तक इन्हें नोटिस भी नहीं दिया गया है।