हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। सुंदरकांड महिला समिति की ओर से जंक्शन की दुर्गा कॉलोनी के चिल्ड्रन पार्क में प्रतिदिन नियमित रूप से किए जा रहे सुंदरकांड पाठ व भजन कार्यक्रम के 17 वर्ष पूर्ण होने पर अखंड संगीतमय सुंदरकांड महोत्सव का आयोजन किया गया। महोत्सव के दौरान गाए गए भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए। टाउन की श्री सुंदरकांड मित्र मंडल समिति के सदस्यों की ओर से पाठ किया गया। प्राचीन चांदी दरबार की फूलों से सजावट की गई। पार्क में विशेष लाइटिंग करवाई गई। इससे पहले पार्षद संतोष बंसल की ओर से बालाजी महाराज की प्रतिमा पर सिंदूर चढ़ाकर कार्यक्रम का श्रीगणेश किया गया। इससे पूर्व विधि विधान से संकटमोचन यज्ञ करवाया गया। इसमें क्षेत्र में सुख व शांति की कामना की गई। महिला मंडल सदस्यों ने बताया कि मंडल सदस्यों की ओर से नियमित रूप से 17 वर्षों से सुंदरकांड पाठ किया जा रहा है। इससे जो भी चढ़ावा राशि इकट्ठी होती है उससे गोशाला में गोवंश को सवामणी खिलाने या किसी जरूरतमंद परिवार की कन्या की शादी में सहयोग दिया जाता है। चिल्ड्रन पार्क के संचालन में भी मंडल सहयोग देता है। इस मौके पर महिला मंडल सदस्य चांद बब्बर, सुमन हिसारिया, निर्मला धमीजा, शिमला बंसल, नीलम जुनेजा, शीला गर्ग, सरोज कटारिया, सरोज गोयल, निर्मला बलाड़िया आदि मौजूद रहीं।