Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

हनुमानगढ़ के नोहर क्षेत्र निवासी बैंक मैनेजर की कश्मीर में हत्या

  • बैंक शाखा में घुसकर आतंकवादियों ने मारी गोली
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    कश्मीर में आतंकियों ने टारगेट किलिंग को अंजाम देते हुए गुरुवार को राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले की नोहर तहसील के एक बैंक मैनेजर की हत्या कर दी। करीब बीस वर्षीय बैंक मैनेजर विजय कुमार बेनीवाल पुत्र ओमप्रकाश बेनीवाल नोहर थाना क्षेत्र के गांव भगवान के निवासी थे। विजय बेनीवाल जम्मू कश्मीर में कुलगाम जिले के अरेह मोहनपोरा स्थित इलाकाई देहाती बैंक (ईडीबी) में मैनेजर थे। आतंकियों ने बैंक में घुसकर उन्हें गोलियों से भून दिया। नाजुक हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। हमले के तुरंत बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस, भारतीय सेना और अर्द्ध सैनिक बल की एक संयुक्त टीम ने आतंकियों का पता लगाने के लिए इलाके की घेराबंदी कर दी। आतंकियों की तलाश के लिए सर्च आॅपरेशन चलाया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि विजय का व्यवहार बहुत अच्छा था। वे बैंक में रोज आने वाले स्थानीय लोगों की मदद करते थे। लेकिन इस्लामिक आतंकियों को विजय बेनीवाल का लोगों को मदद करना रास नहीं आया। उधर, विजय बेनीवाल की हत्या की सूचना मिलते ही गांव भगवान में शोक की लहर दौड़ गई। विजय बेनीवाल करीब दो साल से कश्मीर में बैंक में पदस्थापित थे। बताया जा रहा है कि विजय बेनीवाल की शादी करीब दो माह पहले ही हुई थी। कुछ दिन पहले ही विजय कश्मीर पहुंचे थे। पिता ओमप्रकाश बेनीवाल सरकारी विद्यालय में अध्यापक हैं। छोटा भाई अनिल प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा है। इधर, विजय बेनीवाल की मौत के बाद राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी ट्वीट कर शोक जताया है। उधर, नोहर पुलिस थाना प्रभारी रविंद्र सिंह नरुका ने बताया कि मृतक विजय बेनीवाल की डिटेल्स जुटाई जा रही है। गौरतलब है कि 3 दिन पहले कुलगाम में ही एक टीचर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।