महाराणा प्रताप जयंती पर पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। महाराणा प्रताप जयंती पर गुरुवार को राजपूत समाज की ओर से जंक्शन में करणी चौक के नजदीक स्थित राजपूत भवन में पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मौजूद समाज के नागरिकों ने महाराणा प्रताप के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित किया। महाराणा प्रताप को पुष्पांजलि भेंट कर राष्ट्ररक्षा का संकल्प लिया। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि महाराणा प्रताप बनने के लिए केवल राजपूत होना ही काफी नहीं है, उसके लिए प्रकृति, मानव और पशु सभी से प्रेम करने का भाव मन में होना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में समाज को दुर्व्यसनों एवं कुरीतियों से दूर होने की आवश्यकता है। वक्ताओं ने महाराणा प्रताप और वर्तमान राजपूत समाज विषय को जोड़कर दिए उद्बोधन में कहा कि गलत परंपराओं को छोड़कर वर्तमान में समाज की युवा पीढ़ी को जमाने के साथ में कंधे से कंधा मिलाकर चलने का प्रयास करना चाहिए। समाज के युवा इस ओर बढ़ भी रहे हैं। समाज में आज सही इतिहास जानने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप को जंगलों में भटकने वाला राजा कहना तथा अकबर को महान बताना वामपंथी इतिहासकारों का कुत्सित षड्यंत्र है और अब देश को सही इतिहास पढ़ाया जाना चाहिए। इस मौके पर भंवरसिंह शेखावत, मालमसिंह, बहादुर सिंह, विजयसिंह चौहान, शंकर सिंह नरुका, अनूपसिंह राठौड़, प्रतापसिंह, देसराज सिंह, लाधुसिंह भाटी, बजरंगसिंह भाटी, धन्नेसिंह राठौड़, विजय जोशी, सुमेर सिंह शेखावत, बजरंग सिंह शेखावत, राजेन्द्र तंवर, श्रवणसिंह राठौड़ आदि मौजूद थे।