इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल 2022 की शुरुआत हो चुकी है और लगभग एक दर्जन लीग मैचों का समापन आज यानी सोमवार 4 अप्रैल को हो जाएगा, लेकिन अभी तक भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई ने इस बात का ऐलान नहीं किया है कि आईपीएल 2022 के प्लेऑफ और फाइनल मैच कहां खेला जाएगा। हालांकि, रिपोर्ट्स में इस बात की पुष्टि की जा रही है कि भारत के दो बड़े स्टेडियम बीसीसीआई की रडार पर हैं, जहां आईपीएल 2022 के तीन प्लेऑफ और एक फाइनल मैच आयोजित हो सकता है।
मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि मई के आखिर में होने वाले प्लेऑफ मैचों के आयोजन की जिम्मेदारी दो नए स्थानों को सौंपी जाएगी। पहले यह समझा जाता था कि अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम क्वालीफायर्स और फाइनल मैच की मेजबानी करेगा, लेकिन नई रिपोर्ट्स में कहा गया है कि लखनऊ अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम को इस सूची में जोड़ा गया है। हालांकि, अभी तक बीसीसीआई या आईपीएल के आयोजकों की तरफ से इस बात की पुष्टि नहीं हुई है। आईपीएल के अभी लीग मैचों का शेड्यूल ही सामने आया है।