वकील को अवैध रूप से हिरासत में रख पीटने का आरोप, विरोध में बंद रखा कार्य
by seemasandesh
जिला कलक्टर ने भीड़ आने पर जताया ऐतराज तो नाराज हुए अधिवक्ता, ज्ञापन सौंपे बिना लौटे, फिर एसपी को सौंपा ज्ञापन हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। घड़साना के अधिवक्ता विकास सिंह झोरड़ को कथित रूप से पूरी रात अवैध हिरासत में रखकर पीटने और झूठा मुकदमा दर्ज करने की घटना से नाराज अधिवक्ताओं ने बुधवार को अदालतों में उपस्थिति नहीं दी। कार्य बंद रखकर अधिवक्ताओं ने साथी वकील को न्याय दिलाने के लिए दोषी पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपे। इससे पहले बार संघ अध्यक्ष मनजिन्द्र सिंह लेघा के नेतृत्व में अधिवक्ता ज्ञापन सौंपने के लिए जिला कलक्टर के चैम्बर पहुंचे। चैम्बर में एकसाथ कई अधिवक्ताओं के आने पर जिला कलक्टर नथमल डिडेल ने ऐतराज जताया तो अधिवक्ता नाराज हो गए। वे जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपे बगैर चैम्बर से बाहर निकले। इसके बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच एसपी डॉ. अजयसिंह राठौड़ को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सौंपने जाते समय एसपी के चैम्बर के बाहर अधिवक्ता रघुवीर सिंह वर्मा की पुलिस कर्मियों के साथ धक्का-मुक्की भी हुई। अधिवक्ता को पुलिस कर्मियों की ओर से रोकने के चलते कुछ देर के लिए माहौल गर्मा गया। अन्य अधिवक्ताओं व पुलिस कर्मियों ने समझाइश कर उन्हें शांत किया। बार संघ की ओर से गुरुवार व शुुक्रवार को भी राजस्व न्यायालयों का बहिष्कार करने की घोषणा की गई। इस मौके पर बार संघ अध्यक्ष मनजिन्द्र सिंह लेघा ने बताया कि घड़साना के अधिवक्ता विकास झोरड़ ने नशे के खिलाफ मुहिम चला रखी थी। इससे पुलिस की रोजी-रोटी पर संकट पैदा हो गया। इसको लेकर पुलिस ने अधिवक्ता विकास झोरड़ को पूरी रात अवैध रूप से हिरासत में रखकर पीटा। दबाव बनाने के लिए झोरड़ के खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कर लिया। इससे पूरा वकील समुदाय आक्रोशित है। अगर दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन तेज किया जाएगा। लेघा ने बताया कि घड़साना बार संघ के समर्थन में श्रीगंगानगर के साथ हनुमानगढ़ जिले की अदालतों में अधिवक्ताओं ने कार्य बंद रखा है। उन्होंने कहा कि एकसाथ सभी अधिवक्ताओं के चैम्बर में आने पर ऐतराज जताने के चलते वकीलों ने जिला कलक्टर को ज्ञापन नहीं सौंपा। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा गया है।