शहरी रोजगार योजना के 100 श्रमिकों को भी सफाई कार्य में लगाया श्रीगंगानगर (सीमा सन्देश)। चक छह जैड में कचरा प्लांट हटाने की मांग के चलते सात दिन कचरे का उठाव नहीं होने पर जगह-जगह कचरा प्वाइंटों पर लगे ढेर अब लगभग खत्म हो गए हैं। संघर्ष समिति और प्रशासन के बीच हुए समझौते के बाद नगरपरिषद ने कचरा निस्तारण केन्द्र पर पोकलेन मशीन लगा कर वहां कचरा डालने की व्यवस्था की थी। इसके बाद से लगातार नगरपरिषद के संसाधनों से शहर से कचरे का उठाव जारी है। सुबह 5 बजे से ही नगर परिषद के संस्थानों पर कचरे उठाव का काम शुरू हो जाता है जो दोपहर बाद तक जारी रहता है। 9 सितम्बर से शुरू हुई शहरी रोजगार योजना के तहत भी शहर से कचरा उठाव व सफाई के लिए करीब 100 श्रमिक लगाए गए हैं। स्वास्थ्य अधिकारी देवेन्द्र प्रताप ने बताया कि शहर में 75 ट्रैक्टर-ट्राली व 50 से अधिक आॅटोटीपर से कचरे का उठाव करवाया जा रहा है। एक-दो स्थानों को छोड़ सभी कचरा पॉइन्टों को बुधवार सायं तक खाली करवाने के साथ रोज निकलने वाले कचरे का भी निस्तारण किया जा रहा है। जिन स्थानों पर थोड़ा बहुत कचरा था, उसे गुरुवार को उठा दिया गया। लगातार हुई बरसात के कारण नालियों के पास उगे झाड़-झंखाड़ को हटाने का काम भी करवाया जा रहा है ताकि सड़कों पर गन्दगी नजर ना आए।