Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

अधिकारियों ने समस्या सुन किया निस्तारण

  • जिले के सभी 269 ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर ग्राम पंचायत स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    जिले के सभी 269 ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर गुरुवार को ग्राम पंचायत स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन किया गया। ग्राम पंचायत स्तरीय जनसुनवाई ग्राम पंचायत मुख्यालय पर स्थित भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केन्द्रों पर सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित हुई। ग्राम पंचायत स्तरीय जनसुनवाई में मुख्य सचिव उषा शर्मा व राज्य सरकार के उच्च स्तरीय अधिकारियों की ओर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हिस्सा लिया गया। इस जनसुनवाई का प्रसारण ब्रॉडकास्टिंग, वेबकास्टिंग, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग, वेबिनार के माध्यम से किया गया। इसका सीधा प्रसारण राजीव गांधी सेवा केन्द्रों पर स्थापित ई मित्र प्लस मशीनों के माध्यम से किया गया। जनसुनवाई को यूट्यूब लिंक पर भी देखा गया। ग्राम पंचायत स्तरीय जनसुनवाई में उपखण्ड अधिकारी, विकास अधिकारी व उपखण्ड स्तर के सभी विभागों के अधिकारियों की ओर से चक्रीय क्रम में ग्राम पंचायत के शिविरों में हिस्सा लिया गया। शिविरों में पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, सफाई व्यवस्था, खाद्य सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं आदि से जुड़ी हुई समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने पर जोर रहा। ग्राम पंचायत स्तरीय जनसुनवाई में ग्राम पंचायत स्तर के अधिकारी-कर्मचारियों यथा ग्राम विकास अधिकारी, पटवारी, गिरदावर के अलावा पीएचईडी, विद्युत विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग, जल संसाधन विभाग, चिकित्सा विभाग के ग्राम पंचायत स्तरीय कार्मिकों ने हिस्सा लेकर आमजन की समस्याओं का निस्तारण किया। एसडीएम और विकास अधिकारियों ने भी जनसुनवाई कार्यक्रम में हिस्सा लेकर राजस्थान सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों का ग्राम पंचायत स्तर पर निस्तारण किया। जनसुनवाई के दौरान प्राप्त परिवेदनाओं को व्यवस्थित रूप से दर्ज करने तथा आवेदक को रसीद दिए जाने की व्यवस्था की गई। सभी परिवेदनाओं को जनसुनवाई से तीन दिवस के भीतर सम्पर्क पोर्टल पर इंद्राज उपखण्ड अधिकारी कार्यालय से किया जाएगा। गौरतलब है कि राज्य सरकार की ओर से 19 अप्रैल 2022 को विस्तृत आदेश जारी कर जिलों में त्रिस्तरीय जनसुनवाई व्यवस्था लागू की गई थी। इसके अनुसार प्रत्येक माह के पहले गुरुवार को ग्राम पंचायत, दूसरे गुरुवार को ब्लॉक मुख्यालय और तीसरे गुरुवार को जिला कलक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय जनसुनवाई आयोजित की जा रही है। 11 अगस्त को ब्लॉक मुख्यालय और 18 अगस्त को जिला स्तरीय जनसुनवाई आयोजित की जाएगी।