Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

अपराध एवं कानून व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा

  • गांव जीवननगर में पुलिस-पब्लिक पंचायत का आयोजन
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    पुलिस-पब्लिक के मध्य संवाद स्थापित करने के लिए रावतसर तहसील के गांव चक जीवननगर पंचायत 4 सीवाईएम में पुलिस-पब्लिक पंचायत का आयोजन किया गया। पुलिस-पब्लिक पंचायत में नोहर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नोहर, रावतसर के वृत्ताधिकारी व रावतसर थाना प्रभारी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने पुलिस-पब्लिक पंचायत में मौजूद पंचायत समिति रावतसर सरपंच एसोसिएशन के सदस्यों, वार्ड पंच, सीएलजी सदस्य, पुलिस मित्र, ग्राम रक्षक, सुरक्षा सखी, सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, कर्मचारी, स्कूली बच्चों व अन्य प्रबुद्धजन नागरिकों के साथ अपराध एवं कानून व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। महिला अपराधों के लिए बने कानूनी प्रावधानों के बारे में जानकारी दी। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे जागरूकता अभियान मंशा के तहत कार्यक्रम आयोजित कर नशे की रोकथाम के लिए, नशे के सेवन व उनसे होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में बताया गया। वहीं यातायात शाखा हनुमानगढ़ प्रभारी अनिल चिन्दा की ओर से दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात नियमों की जानकारी दी गई व पालना की अपील की गई। ग्रामीणों की समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की गई व पुलिस से सम्बधित समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया गया। पुलिस-पब्लिक पंचायत से पूर्व नोहर एएसपी, रावतसर सीओ, रावतसर थाना प्रभारी, सरपंच एसोसिएशन संघ के पदाधिकारियों एवं अन्य गणमान्य नागरिकों ने रावतसर पुलिस थाना के मुख्य प्रवेश द्वार का लोकार्पण किया। मुख्य प्रवेश द्वार का निर्माण अमित, नरेश गोदारा सरपंच ग्राम पंचायत चक 4 सीवाईएम की ओर से अपने पिता रामेश्वर लाल व माता गीता देवी की स्मृति में करवाया गया है।