Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

हनीट्रेप में फंसाकर ब्लैकमेल करने वाले गिरोह का मुख्य सरगना गिरफ्तार

  • महिला व तीन जनों की पूर्व में हो चुकी है गिरफ्तारी
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    हनीट्रेप में फंसाकर ब्लैकमेल करने के मामले में टाउन पुलिस ने गिरोह के मुख्य सरगना को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जगतार उर्फ काला (31) पुत्र सोहनसिंह बाजीगर निवासी गुरुसर के रूप में हुई है। टाउन थाना प्रभारी दिनेश सारण ने बताया कि 19 फरवरी को एक व्यक्ति ने रिपोर्ट दी कि एक महिला से करीब 4 माह पहले उसकी जान-पहचान हुई थी। उस महिला ने बताया कि उसका पति बीमार है, कुछ मदद चाहिए। इन्सानियत के नाते उसने महिला की मदद कर दी। उसके बाद उक्त महिला से फोन पर बात होने लगी व एक-दो बार बाजार में मुलाकात भी हुई। कुछ दिन पहले शेरगढ़ जाते वक्त उसे फतेहगढ़ मोड पर उक्त महिला मिली व किशनपुरा दिखनादा छोड़ने का कहकर गाड़ी में बैठ गई। किशनपुरा दिखनादा बस अड्डा पहुंचने पर उक्त महिला गाड़ी से नीचे नहीं उतरी और कहने लगी कि उसे माता किताब कौर कॉलेज में जरूरी कार्य है। उसे वहां पर छोड़ दो। माता किताब कौर कॉलेज के पास पहुंचा तो वहां पर दो बाइक पर सवार 4 व्यक्ति आए और उसे रोक लिया व उक्त महिला को अपनी बहन बताया। उस पर छेड़छाड़ करने का आरोप लगा पिस्तौल दिखाकर बैंक खाते से फोन पे के माध्यम से करीब 95000 रुपए अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए। अब उससे दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर 3 लाख रुपए की और मांग कर उक्त महिला व उसके साथी ब्लैकमेल कर रहे हैं। थाना प्रभारी सारण ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इस मामले में शामिल महिला वन्दना (32) पुत्री भंवरदास वैरागी निवासी वार्ड 15, पंजाबी मोहल्ला टाउन हाल किराएदार दलसिंहनगर कॉलोनी जंक्शन व उसके तीन साथियों को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है। प्रकरण का मुख्य सरगना जगतार सिंह उर्फ काला मुकदमा दर्ज होने के बाद से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए छिपने के सम्भावित स्थानों पर लगातार दबिश दी गई। प्रकरण में सफलता हासिल करते हुए जगतार सिंह उर्फ काला को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से अनुसंधान व पूछताछ जारी है। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में एएसआई गायत्री देवी, हैड कांस्टेबल प्रतापसिंह, कांस्टेबल रोशन व मुकेश शामिल थे।