सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से करवाया जाएगा निर्माण हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की ओर से बजट घोषणा में संगरिया नगर पालिका क्षेत्र में सार्वजनिक निर्माण विभाग के जरिए सड़कें बनाने की घोषणा की गई व बजट स्वीकृत किया गया। इस बजट का समुचित ढंग से व नागरिकों की मूल आवश्यकता के अनुसार सड़कों का निर्माण किया जाए। इसके लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य व संगरिया विधानसभा क्षेत्र से दो बार कांग्रेस की प्रत्याशी रहे शबनम गोदारा ने बुधवार देर शाम को संगरिया नगर पालिका अध्यक्ष सुखबीर सिंह सिद्धू, अधिशासी अधिकारी जयकरण गुर्जर, कनिष्ठ अभियंता मुकेश कुमार व पार्षदों की टीम के साथ भौगोलिक रूप से सड़क निर्माण के लिए उन स्थानों का अवलोकन व निरीक्षण किया। इस मौके पर पार्षद अनिल भोबिया, पार्षद पति निर्मलसिंह, बलकरण सिंह, लोक अभियोजक रविंद्र भोबिया साथ रहे। नगर पालिका के अधिकारियों व पार्षदों की टीम ने डबवाली रोड रतनपुरा माइनर पर बनने वाली सड़क का निरीक्षण किया। स्वामी केशवानंद एग्रीकल्चर कॉलेज चौटाला रोड की पुलिया से लेकर आरटीपी नहर के दार्इं तरफ शहर की तरफ की पटरी को साहिल मैरिज पैलेस तक सड़क बनाने का प्रस्ताव तैयार किया। साथ ही सादुल ब्रांच नहर की भगतपुरा रोड पर पुलिया से लेकर सादुल ब्रांच नहर के गोशाला हेड तक सड़क बनाने का कार्य सुनिश्चित किया। बंसल पैलेस सिनेमा से लेकर पोस्ट आॅफिस रोड बस स्टैंड तक जर्जर अवस्था में है, उसको भी सड़क बनाने का प्रस्ताव रखा जाएगा। इन सभी जगहों का शबनम गोदारा व नगर पालिका अध्यक्ष, पार्षदों, अधिशासी अधिकारी, कनिष्ठ अभियंता ने भौगोलिक रूप से निरीक्षण किया।