Thursday, May 7निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

अबुधाबी के हवाईअड्डे और करीबी इलाकों में हूती विद्रोहियों ने किए धमाके, दो भारतीयों समेत तीन की मौत

 अबुधाबी

संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) पर एक बड़े हमले की खबर सामने आई है। अधिकारियों के मुताबिक, अबुधाबी के अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और इसके करीबी इलाकों में मौजूद एक तेल के केंद्र पर सोमवार को तीन बड़े धमाके हुए। शक जताया जा रहा है कि यह हमले ड्रोन्स के जरिए किए गए। इन हमलों में तीन लोगों की मौत की खबर भी आई है। मृतकों में दो भारतीय और एक पाकिस्तानी नागरिक शामिल हैं। इसके अलावा छह अन्य लोगों के घायल होने की बात भी सामने आई है। 

धमाकों के बाद एयरपोर्ट में आग भी देखी गई। हालांकि, इससे पहले कि यूएई इस मामले की जांच शुरू कर पाता, ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने हमले की जिम्मेदारी ले ली। इस संगठन ने बयान जारी कर यूएई पर हमले शुरू करने की बात कही है। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, एयरपोर्ट के अलावा अबुधाबी नेशनल ऑयल कंपनी (ADNOC) के पेट्रोल ले जा रहे टैंकरों में धमाके हुए। शुरुआती जांच में सामने आया है कि टैंकरों में आग लगने से ठीक पहले आसमान में ड्रोन जैसी आकृतियां देखी गई थीं, जो कि दो अलग-अलग इलाकों में गिरीं। बताया गया है कि एयरपोर्ट पर लगी आग से निपटने के लिए पुलिस और अधिकारियों की टीम भेज दी गई। 

यूएई में स्थित भारतीय दूतावास ने बताया कि उसे ऑयल डिपो में धमाकों की जानकारी मिल चुकी है। इस घटना में जिन दो भारतीयों की मौत हुई, उनकी पहचान की जा रही है। आगे की जानकारी जुटाने के लिए भारतीय अफसर यूएई सरकार से संपर्क में बने हुए हैं।