बीकानेर
एक बार फिर मौसम में परिवर्तन हो रहा है। बीकानेर में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी के साथ सर्दी से आंशिक राहत मिली है, लेकिन आने वाले दिनों में सर्द हवाओं से सर्दी बढ़ सकती है। दरअसल, बीकानेर और जोधपुर संभाग में आने वाले दिनों एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस बन रहा है। जो 21 जनवरी को इन दोनों संभागों में कहीं कहीं बारिश कर सकता है। 23 जनवरी को मौसम वापस साफ होगा। इन्हीं दिनों में पश्चिमी राजस्थान में बड़ी संख्या में शादियां है। कोरोना के कारण वैसे ही शादियों के रंग फीके हैं, ऐसे में मौसम की मार परेशानी को बढ़ा सकती है।
मौसम विभाग के जयपुर केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि वर्तमान में जारी अति घना कोहरा व शीत दिन की परिस्थिति आगामी 48 घंटों तक जारी रहने की प्रबल संभावना है। वहीं 21, जनवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं हल्के दर्जे की बारिश होने की संभावना है। पिछले 24 घंटों में कोटा संभाग के जिलों में सबसे कम अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है। कोटा में अधिकतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस (औसत से 12.2 डि. से. कम), पश्चिमी राजस्थान के गंगानगर में 12.4 डिग्री सेल्सियस (औसत से 7.9 डि. से. कम) दर्ज किया गया है। शर्मा ने बताया कि बीकानेर व जोधपुर में बनने वाले वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर 21 व 22 जनवरी को रहेगा, जबकि 23 जनवरी को मौसम साफ रह सकता है।
शादियों का मौसम, बारिश का डर
दरअसल, बीकानेर व जोधपुर संभाग में 21 से 23 जनवरी तक विवाह समारोह बड़ी संख्या में है। खासकर 21 जनवरी को विवाह कार्यक्रम शुरू होंगे और 23 जनवरी को बारातें है। ऐसे में हर कोई मौसम विभाग की भविष्यवाणियों पर निगाहें टिकाए हुए हैं। 23 जनवरी को बादल साफ होने की उम्मीद की जा रही है जबकि इससे पहले के विवाह कार्यक्रमों में बारिश का खलल पड़ सकता है।