बीकानेर. घर-घर कचरा संग्रहण की नई व्यवस्था के तहत अब शहर की छोटी और संकरी गलियों मेंे साइकिल रिक्शा से कचरा संग्रहण का कार्य होगा। इसके लिए पहले चरण में 10 साइकिल रिक्शा संचालित होंगे। ये रिक्शा घरों से कचरा संग्रहित कर वार्ड में संचालित हो रही ऑटो टिपर तक कचरा पहुंचाएंगे। ऑटो टिपर से कचरा बल्लभ गार्डन डम्पिंग यार्ड तक पहुंचेगा। संबंधित फर्म के ऑपरेशन हैड नवीन लोटा के अनुसार छोटी व संकरी गलियों के लिए अगर और रिक्शा की जरुरत महसूस हुई तो और भी रिक्शा मंगवाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि साइकिल ऑटो रिक्शा एक बार में करीब एक क्विंटल तक चरा संग्रहित कर सकेंगे। इन साइकिल ऑटो रिक्शा का संचालन उन्ही गलियों में किया जाएगा, जहां ऑटो टिपर नहीं पहुंच पा रही है।
कंपनी के ऑपरेशन हैड के अनुसार साइकिल रिक्शा में परिवहन किया जाने वाला कचरा बॉक्स में ढका रहेगा। तिपहिया साइकिल रिक्शा की आवश्यकता शत प्रतिशत गली-मोहल्लों, बाजारों, मार्गो और कॉलोनी क्षेत्रों में घर-घर कचरा संग्रहण के लिए महसूस की गई।