Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

अमानक सामग्री लगाने का आरोप, रूकवाया निर्माण कार्य

  • लेवल ऊंचा उठाकर नाली का निर्माण करने का आरोप
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    ग्राम पंचायत 2 केएनजे, आईटीआई कॉलोनी में हो रहा नाली का निर्माण कार्य सोमवार को ग्रामीणों ने रूकवा दिया। उन्होंने अमानक सामग्री लगाने व लेवल ऊंचा उठाकर निर्माण करने का आरोप लगाते हुए विरोध जताया। निर्माण कार्य में गुणवत्ता पूर्ण सामग्री लगाने की मांग की। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंची ट्रॉली में भरी र्इंट नहीं उतारने दी और ट्रॉली को र्इंटों सहित वापस भेज दिया। उधर सूचना मिलने पर ग्राम विकास अधिकारी ने मौका मुआयना किया। उन्होंने सही लेवल में नाली का निर्माण करवाने और गुणवत्तायुक्त सामग्री लगाने का आश्वासन दिया। इस पर नाराज ग्रामीण शांत हुए। इस मौके पर मौजूद मदन सिहाग ने बताया कि ग्राम पंचायत की आईटीआई कॉलोनी में ग्राम पंचायत की ओर से नाली का निर्माण कार्य चल रहा है। जिस गली में नाली का निर्माण हो रहा है वह नगर परिषद की ओर से बनाई गई मुख्य सड़क से करीब आधा फीट ऊंची है। वहीं मुख्य रोड से आगे बना नाला करीब डेढ़ फीट नीचे है। इसके बावजूद नाली को करीब डेढ़ फीट ऊपर उठाकर बनाया जा रहा है। यह सब व्यक्तिग रंजिश निकालने व अपने चुनिंदा चहेते व्यक्तियों को फायदा पहुंचाने के लिए किया जा रहा है ताकि चहेतों के चबूतरे आदि न टूटें। पीछे से धीरे-धीरे नाली का लेवल ऊंचा करते हुए निर्माण किया जा रहा है। पूर्व में जब पानी की निकासी सही तरीके से हो रही है तो डेढ़ फीट ऊपर उठाकर नाली का निर्माण करवाने का क्या फायदा। र्इंटें भी अमानक स्तर की लगाई जा रही हैं। उन्होंने निर्माण कार्य में अमानक सामग्री लगाने का भी आरोप लगाते हुए कहा कि इस बारे में जिम्मेवारों को अवगत करवाया गया तो उन्होंने कनिष्ठ अभियंता को मौके पर भेजने की बात कही। उन्होंने कहा कि वे विकास कार्य तो नहीं रूकवाएंगे लेकिन अमानक सामग्री व अनियमिततापूर्ण निर्माण कार्य नहीं होने देंगे। इसी का विरोध है। वहीं नाली का निर्माण कार्य कर रहे मिस्त्री ने भी स्वीकारा कि र्इंटें हल्की आ रही हैं। साथ ही कहा कि र्इंट भट्ठों पर नई र्इंटें नहीं हैं। उधर, ग्राम पंचायत दो केएनजे के ग्राम विकास अधिकारी भंवरलाल ने बताया कि वे सूचना मिलने पर मौके पर गए थे। मौके पर मौजूद ग्रामीणों का कहना था कि नाली निर्माण कार्य में घटिया र्इंटों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इस पर जहां से र्इंट आ रही है, उनसे दूरभाष पर बात कर घटिया स्तर की र्इंटें उठाकर वापस ले जाने की बात कही।