Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

‘अमेरिकी तूफान’ में सब हुए धड़ाम, अमेजन के मालिक को एक दिन में 80000 करोड़ रुपये का नुकसान

नई दिल्ली

अमेरिकी शेयर बाजारों में मंगलवार को आई सुनामी में टॉप-10 अरबपतियों में से 8 लोगों के 41 अरब डॉलर से अधिक डूब गए। इसमें सबसे अधिक अमेजन के पूर्व सीईओ जेफ बेजोस को 9.84 अरब डॉलर (करीब 80,000 करोड़ रुपये) की चपत लगी है। जेफ बेजोस दुनिया के सबसे बड़े ऑनलाइन रिटेलर अमेजन के संस्थापक हैं। यह कंपनी अपनी प्रमुख वेबसाइट के माध्यम से इलेक्ट्रॉनिक्स, घरेलू सामान और अन्य उत्पाद बेचती है। इसके अलावा बेजोस, स्पेस से जुड़ी कंपनी ब्लू ओरिजिन के भी मालिक हैं।

मस्क को कितना नुकसान

वहीं, टेस्ला के सीईओ एलन मस्क को 8.35 अरब डॉलर (करीब 70,000 करोड़ रुपये) का नुकसान हुआ है। एलन मस्क और जेफ बेजोस के बीच नुकसान का अंतर सिर्फ 10 हजार करोड़ रुपये का है। वहीं, माइक्रोसाफ्ट के फाउंडर बिल गेट्स को 2.84 अरब डॉलर की चोट पहुंची है।

अंबानी-अडानी ही केवल हरे निशान पर

ब्लूमबर्ग  बिलेनियर इंडेक्स में टॉप-10 लिस्ट में शामिल उद्योगपतियों की संपत्ति में मंगलवार को अगर किसी की बढ़ोतरी हुई तो वह हैं अडानी और अंबानी। गौतम अडानी की संपत्ति में 1.58 अरब डॉलर का इजाफा हुआ तो अंबानी की संपत्ति में 1.23 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई। अडानी दुनिया के तीसरे सबसे अमीर व्यक्ति हैं और अंबानी नौवें।