जयपुर
राजस्थान में कोरोना की तीसरी लहर में कई जिलों में ज्यादा केस के नए रिकॉर्ड बन रहे हैं। इसमें भरतपुर, नागौर, डूंगरपुर के बाद अब अलवर का नाम भी शामिल हो गया है। अलवर में कल 1846 मिले, जो अब तक एक दिन में मिले सबसे ज्यादा केस हैं। इससे पहले दूसरी लहर में अलवर में सर्वाधिक 1621 केस मिले थे। वहीं टोंक में भी दूसरी लहर के बराबर केस आ चुके हैं।
मेडिकल हेल्थ डिपार्टमेंट की रिपोर्ट देखें तो 26 जनवरी को राज्य में सबसे ज्यादा 2234 मरीज जयपुर में मिले थे। जयपुर के बाद अलवर में सबसे ज्यादा 1846 नए केस मिले। जोधपुर में 1000, गंगानगर 801, उदयपुर 673, भरतपुर 588 और अजमेर में 558 केस मिले है। जयपुर, जोधपुर में कल 4-4, नागौर-बीकानेर में 2-2 और अजमेर, अलवर, बाड़मेर, डूंगरपुर, जालौर, झुंझुनूं, कोटा, सीकर और उदयपुर में एक-एक मरीजों की मौत हुई है।
राज्य में आज कुल 11,572 रोगी रिकवर भी हुए हैं। एक्टिव केसों की संख्या बढ़कर अब 94,148 हो गई। राजस्थान में अब तक की स्थिति देखें तो इस संक्रमण से कुल 11 लाख 62,202 लोग संक्रमित हो चुके हैं, जबकि 10 लाख 58,893 मरीज रिकवर हो चुके है। वहीं, 9161 मरीजों की मौत हो चुकी है।