म्यूजिक कंपोजर अनु मलिक की मां बिलकिस मलिक का 86 साल की उम्र में निधन हो गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बिलकिस मलिक ने रविवार (25 जुलाई) को दोपहर 3.30 बजे अस्पताल में आखिरी सांस ली। इसके बाद उन्हें सांता क्रूज कब्रिस्तान में दफनाया गया। अनु मलिक, अबू और डबू मलिक की मां बिल्किस को दिल का दौरा पड़ने के बाद गुरुवार को जुहू स्थित आरोग्य निधि अस्पताल में भर्ती कराया गया था। म्यूजिक कंपोजर्स अमाल और अरमान मलिक अपनी दादी बिलकिस के निधन से शोक में हैं। दोनों ने सोशल मीडिया पर इमोशनल नोट शेयर कर दुख जाहिर किया है।
मैंने अपनी सबसे अच्छी फ्रेंड को खो दिया
अरमान मलिक ने दादी बिलकिस के साथ की दो वीडियो और एक फोटो शेयर कर लिखा, “आज मैंने अपनी सबसे अच्छी फ्रेंड को खो दिया…मेरी दादीजान। मेरे जीवन की रोशनी चली गई। मुझे अभी भी इस बात पर यकीन नहीं हो रहा है। अब ऐसा खालीपन हो गया है, जिसे मैं जानता हूं कि कोई नहीं भर सकता। आप सबसे क्यूट और सबसे कीमती इंसान थीं। मैं बहुत खुशनसीब हूं कि मुझे आपके साथ इतना वक्त बिताने का मौका मिला। आपसे ढेर सारा प्यार, किस और हग्स मिले। अल्लाह मेरी एंजल अब आपके साथ है।”
आपको अपने हाथों से दफनाना मेरी जिंदगी का सबसे मुश्किल काम था
अमाल मलिक ने भी दादी बिलकिस के साथ की कुछ फोटोज शेयर कर लिखा, “आज आपको अपने हाथों से दफनाना मेरी जिंदगी का सबसे मुश्किल काम था। मैं आखिरी बार आपसे गले मिलने के लिए रोया था, लेकिन आप पहले ही जा चुकी थीं। आप अपने पति के ठीक बगल में दफन होना चाहती थीं और मुझे खुशी है कि हम ऐसा कर पाए। जैसे ही मैं चला गया, बारिश होने लगी और मैंने आसमान की ओर देखा और यह जानकर मुस्कुराया कि आप ठीक वहीं हैं, जहां आप होना चाहती थीं। दादा के साथ, बिल्कुल इस तस्वीर की तरह। न पहले कोई आप जैसा था, न कोई बाद में होगा।”
अमाल मलिक ने आगे लिखा, “दादी के साथ रविवार को बहुत मजा आता था। हम नाश्ते में आलू के पराठे खाते थे और रात को हमारी पिज्जा पार्टी हुआ करती थीं। आप अपने बच्चों और पोते-पोतियों से प्यार करने के लिए जीते थे। आपने लंबी और कड़ी लड़ाई लड़ी। सम्मान और प्यार। आप हमारे भीतर अंत तक जीवित रहेंगी। ओजी मलिक हमें छोड़कर चले गए हैं। #RIP।” बता दें कि, बिलकिस प्रसिद्ध कवि और गीतकार हसरत जयपुरी की बहन थीं।