प्लेटफार्म टिकट एवं मासिक पास का करवा सकेंगे नवीनीकरण
सीमा सन्देश न्यूज
श्रीगंगानगर। रेलवे प्रशासन द्वारा एटीवीएम (आॅटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन) द्वारा जारी सभी सुविधाओं के लिए डिजिटल भुगतान अधिकृत किया गया है। इसमें यात्री, यात्रा हेतु टिकट, प्लेटफार्म टिकट एवं मासिक पास के नवीकरण के लिए एटीवीएम पर पेटीएम एवं क्रियाशील फ्रीचार्ज यूपीआई क्यूआर कोड के माध्यम से डिजीटल भुगतान किया जा सकता है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण ने बताया कि एटीवीएम में क्रियाशील यूपीआई क्यूआर कोड की व्यवस्था की गई है। कोड को स्कैन कर यात्री यूपीआई के माध्यम से डिजीटल भुगतान कर टिकट प्राप्त कर सकते है। इसके अतिरिक्त यात्री एटीएम स्मार्ट कार्ड रिचार्ज करने के लिए भी इसका प्रयोग कर सकते हैं।
अनारक्षित टिकटों, प्लेटफार्म टिकटों एवं मासिक सीजन टिकट के नवीनीकरण के लिए आॅनलाइन भुगतान सुविधा से जहां एक और यात्रियों को स्टेशनों पर लंबी लाइनों से छुटकारा मिलेगा वहीं दूसरी ओर भुगतान की सुविधा आसान एवं सुरक्षित होने से जालसाजी का भी डर नहीं है।