हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। टाउन की भारतीय सिंधु सभा और पूज्य सिंधी पंचायत सोसायटी के तत्वावधान में सिंधी बच्चों के लिए आठ दिवसीय सिंधी बाल संस्कार शिविर जारी है। शिविर में सिंधी समाज के करीब 80 बच्चे हिस्सा ले रहे हैं। शिविर में सिंधी भजन, सिंधी गीत, सिंधी कविताएं, सिंधी खेलकूद, सिंधी व्यंजन के साथ आर्ट एण्ड क्राफ्ट की क्लास लगाई जा है। शिविर में बच्चे उत्साह के साथ हिस्सा ले रहे हैं। भारतीय सिंधु सभा जिलाध्यक्ष घनश्याम दास मेघवानी ने बताया कि यह शिविर 29 मई से शुरू हुआ है। यह आठ दिवसीय सिंधी बाल संस्कार शिविर पूरे राजस्थान में भारतीय सिंधु सभा के नेतृत्व में पूज्य सिन्धी पंचायत सोसायटी के सानिध्य में चलाए जा रहे हैं। इन कैम्प के माध्यम से सिंधी समाज के बच्चों को सिंधी भाषा का ज्ञान, सिंधी शहीदों, सिंधी साहित्य व सांस्कृतिक उपलब्धियों के बारे में ज्ञान करवाया जा रहा है। साथ ही मनोरंजनात्मक कार्यक्रम खेलकूद, भजन, संगीत, ढोलक, सिंधी गीत आदि सिखाए जा रहे हैं। समर कैम्प का मुख्य उद्देश्य सिंधी भाषा का प्रचार-प्रसार करना एवं सिंधी समाज के बच्चों को सिंधी संस्कृति एवं साहित्य का ज्ञान करवाना है।