हेलमेट न पहनने वाले दुपहिया वाहन चालकों के काटे चालान हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। यातायात नियमों की पालना करवाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यातायात पुलिस की सख्ती जारी है। यातायात नियमों की उल्लंघना करना वाहन चालकों को भारी पड़ रहा है। अभियान के तहत यातायात पुलिस की ओर से यातायात प्रभारी अनिल चिन्दा के नेतृत्व में गुरुवार को जंक्शन में श्रीगंगानगर रेलवे फाटक के पास नाका लगाकर ट्रेफिक नियमों की उल्लंघना करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। यातायात प्रभारी अनिल चिन्दा ने बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अजयसिंह राठौड़ के निर्देशानुसार यातायात नियमों की पालना के तहत 26 मई से 5 जून तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत ऐसे दुपहिया वाहन चालक जो हेलमेट नहीं लगा रहे, जिन वाहनों पर निर्धारित मापदण्ड के अनुसार रिफ्लेक्टर टेप नहीं लगी या आईएसआई मार्का न लगे हेलमेट पहनने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में गुरुवार को जंक्शन में श्रीगंगानगर रेलवे फाटक के पास नाका लगाकर ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। करीब 35 चालान हेलमेट न पहनने वाले वाहन चालकों के किए गए। इसके अलावा निर्धारित मापदण्ड के अनुसार रिफ्लेक्टर टेप नहीं लगे वाहनों के चालकों के भी चालान काटे गए। यातायात प्रभारी ने वाहन चालकों से अपील की कि दुपहिया वाहन चालक हेलमेट लगाकर ही वाहन चलाएं। हेलमेट आपकी सुरक्षा का कवच है। हेलमेट पहने होने के कारण हादसे के समय जान बचाई जा सकती है। इसके साथ ही सड़क पर चलते समय अन्य यातायात नियमों की पूर्ण रूप से पालना करें।