हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। नगर परिषद की ओर से जंक्शन के वार्ड 5 में 38 लाख रुपए की लागत से निर्मित करवाई गई आरसीसी सड़क का लोकार्पण शनिवार को सभापति गणेश राज बंसल, निर्माण समिति अध्यक्ष सुमित रिणवां, वार्ड पार्षद अब्दुल हाफिज, गुरदीप चहल व सहकारी समिति चेयरमैन शब्बीर मोहम्मद की ओर से किया गया। इस मौके पर सभापति गणेश राज बंसल ने कहा कि शहर में जरूरत अनुसार निरन्तर विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। शहर के सभी वार्डांे में समान रूप से विकास कार्य हो रहे हैं। तकनीकी कर्मचारियों की टीम औचक निरीक्षक कर निर्माण कार्यांे की गुणवत्ता की भी लगातार जांच कर रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि कांग्रेस बोर्ड में हुए विकास कार्यांे को जनता सालों साल याद रखेगी। वहीं निर्माण समिति अध्यक्ष सुमित रणवां ने कहा कि वार्डांे में सड़कों के साथ-साथ इंटरलॉकिंग का कार्य भी करवाया जा रहा है ताकि शहर का सौंदर्यकरण बना रहे। उन्होंने शहरवासियों से आह्वान करते हुए कहा कि यह विकास कार्य तभी सार्थक हो पाएंगे जब सभी शहरवासी मिलकर अपने-अपने गली-मोहल्ले में स्वच्छता का ध्यान रखेंगे। वार्ड पार्षद अब्दुल हाफिज ने बताया कि वार्ड 5 पिछले कई वर्षांे से विकास की दृष्टि से अछूता था परन्तु नगर परिषद में कांग्रेस का बोर्ड बनने के पश्चात वार्ड 5 में विकास कार्य गति से हो रहे हैं। इसी कड़ी में वार्ड में रफीक खान के घर से शान मोहम्मद के घर तक 38 लाख 7 हजार रुपए की लागत से आरसीसी रोड का निर्माण करवाया गया है। इस मौके पर नगर परिषद के अधिकारी प्रेमदास, वेद सहारण, आदिल रजा, उस्मान खां, सोनू जिन्दल, अनिश खां, महेन्द्र, जुल्फकार, यूसुफ, अशरफी, अब्बास अली आदि मौजूद थे।