नई दिल्ली. श्रद्धा मर्डर केस के आरोपी आफताब अमीन पूनावाला का ‘पोस्ट नार्को टेस्ट इंटरव्यू’ खत्म हो चुका है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) की चार सदस्यीय टीम सुबह 11 बजे तिहाड़ जेल पहुंची। टेस्ट में जांच अधिकारियों ने आफताब से सवाल पूछकर नार्को टेस्ट में दिए गए सवालों की पुष्टि की। इस दौरान आफताब की बैरक के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई।
फोरेंसिक साइंस लैब के असिस्टेंट डायरेक्टर संजीव गुप्ता ने बताया कि गुरुवार को हुए नार्को टेस्ट में भी आफताब ने श्रद्धा की हत्या की बात कबूल की है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उसने श्रद्धा के मोबाइल और कपड़े कहां फेंके हैं, इसकी भी जानकारी दी है।
दिल्ली पुलिस गुरुवार सुबह 8.40 बजे आफताब को लेकर रोहिणी के बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल पहुंची थी, जहां टेस्ट से पहले उसकी सामान्य जांच की गई। अधिकारियों के मुताबिक नार्को टेस्ट गुरुवार सुबह 10 बजे शुरू हुआ और करीब 2 घंटे बाद खत्म हो गया था।
अस्पताल के सूत्रों के मुताबिक, आफताब ने टेस्ट में पूछे गए ज्यादातर सवालों के जवाब अंग्रेजी में दिए। संजीव गुप्ता ने बताया कि नार्को टेस्ट के दौरान फोरेंसिक लैब रोहिणी के साइकोलॉजिस्ट, फोटो एक्सपर्ट और अंबेडकर अस्पताल के डॉक्टर मौजूद रहे। इससे पहले आफताब ने पॉलीग्राफ टेस्ट में भी श्रद्धा की हत्या की बात कबूल की थी।
आफताब से पूछताछ से जुड़ी 3 जरूरी बातें…
1. ब्रेन मैपिंग भी हो सकती है
मीडिया रिपोर्ट्स ने सूत्रों के हवाले से कहा है कि अगर आफताब का नार्को टेस्ट बेनतीजा रहा तो पुलिस आफताब की ब्रेन मैपिंग करने पर विचार कर सकती है। इसके लिए पुलिस को कोर्ट से अनुमति लेनी होगी।
2. आफताब हर बात मान रहा, यहीं शक गहराया
जांच में शामिल एक अधिकारी ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया कि आफताब बहुत चालाक है और कभी भी मामले में नया मोड़ ला सकता है। अभी तक वह पुलिस की हर बात मान रहा है, जांच में सहयोग कर रहा है। यहां तक कि पॉलीग्राफ और नार्को टेस्ट के लिए भी राजी हो गया। पुलिस को उसके इस अच्छे व्यवहार पर संदेह हो रहा है।
3. पूछताछ के दौरान आफताब बेहद कॉन्फिडेंट
पुलिस सूत्रों से यह जानकारी भी मिली है कि पूछताछ के दौरान आफताब बहुत ज्यादा कॉन्फिडेंट था। उसने बहुत तेजी से और रिलैक्स होकर जवाब दिया। इससे लगा कि वह पहले से सोच-समझकर जवाब देता है। पुलिस को शक यह भी है कि जब सितंबर-अक्टूबर में आफताब को मुम्बई पुलिस ने पूछताछ के लिए बुलाया था, उस वक्त भी श्रद्धा के कुछ बॉडी पार्ट्स उसके दिल्ली वाले फ्लैट में मौजूद थे।