शिखर धवन की तलाक की खबर चारों ओर फैल चुकी है। हर कोई ये जानने के लिए बेचैन है कि आखिर हमेशा हैप्पी-हैप्पी दिखने वाले इस कपल के अलग होने के पीछे कारण क्या है। मगर अब तक धवन की तरफ से इस मामले पर कोई बयान सामने नहीं आया है। लेकिन आएशा के इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए इस बात का खुलासा हुआ है।
आएशा ने अपना वो अकाउंट डिलीट कर दिया है, जो आएशा धवन के नाम से था। अब वह आएशा मुखर्जी के नाम से दूसरा अकाउंट चला रही हैं, जिसमें उन्होंने एक पोस्ट शेयर किया है कि उनका दूसरी बार तलाक हुआ है। ये धवन और आएशा की लव स्टोरी की सैड एंडिंग है। तस्वीरों में देखिए धवन-आयशा की स्टोरी…
सोशल मीडिया के जरिए हुआ था प्यार
धवन और आएशा ने 2012 में शादी की थी। ये आएशा की दूसरी शादी थी, जबकि धवन ने पहली बार किसी का हाथ थामा था। दोनों की लव स्टोरी काफी दिलचस्प थी। आएशा धवन की पहली नजर का प्यार बनकर उनकी जिंदगी में आई थीं। इश्क उम्र, जाति सभी से ऊपर होता है, ये बात धवन और आएशा की लव स्टोरी ने साबित कर दी थी। आएशा गब्बर से 10 साल उम्र में बड़ी हैं।
बताया जाता है कि धवन और हरभजन सिंह एक साथ बैठे थे, तभी भज्जी के अकाउंट पर धवन को आएशा की तस्वीर दिखी और वह उसे देखते ही मानो अपना दिल दे बैठे। गब्बर ने आएशा को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी और उधर आएशा ने रिक्वेस्ट एक्सेप्ट कर ली। दोनों के बीच बात-चीत होने लगी और ये बातें धीरे-धीरे मुलाकात में बदल गईं और मुलाकातें जल्द ही प्यार में बदल गई।
धवन के परिवार को पसंद नहीं थी आयशा
साल 2009 में दोनों रिलेशनशिप में आ गए थे, इसके बाद शिखर धवन ने आयशा को शादी के लिए प्रपोज किया और आयशा ने हां कर दी। मगर धवन का परिवार इस रिश्ते के लिए राजी नहीं था, क्योंकि आएशा, धवन से उम्र में 10 साल बड़ी थी, तलाकशुदा थी और उनके दो बच्चे भी थे। मगर वो कहते हैं ना कि जब मियां बीवी राजी, तो क्या करेगा काज़ी…
थोड़े ही वक्त में धवन ने परिवार को इस रिश्ते के लिए राजी कर लिया और आएशा के साथ शादी रचाई। शादी के दो साल बाद दोनों का एक बेटा हुआ जिसका नाम जोरावर है।
शादी के बाद आएशा ने अपना सरनेम चेंज कर लिाया और वह आएशा मुखर्जी से आएशा धवन हो गईं। आएशा की पहली शादी के बारे में बताए, तो उनकी पहली शादी एक ऑस्ट्रेलियन कारोबारी से हुई थी। इस शादी से उन्हें रिया और आलिया नाम की दो बेटियां हुईं। शादी के बाद धवन ने उन्हें भी अपना लिया।
दोनों बेटियां ऑस्ट्रेलिया में ही रहती हैं, वहीं आएशा को अक्सर धवन के साथ टूर पर जाते और मैच के दौरान स्टैंड्स में चियर करते देखा जाता था।
धवन, आएशा को अपना लेडी लक मानते थे, क्योंकि शादी के बाद ही धवन टीम इंडिया में जगह पक्की कर सके। इस बात को खुद धवन ने कई दफा इंटरव्यू के दौरान स्वीकार किया है कि आएशा के लाइफ में आने के बाद वह काफी डिसिप्लिन में रहने लगे। बताते चलें, आयशा बंगाली पिता और ब्रिटिश मां की बेटी हैं। उनके माता-पिता भारत में ही मिले थे लेकिन फिर ऑस्ट्रेलिया चले गए थे। आयशा का जन्म भारत में और परवरिश ऑस्ट्रेलिया में हुई। इसलिए उनके पास भारत-ऑस्ट्रेलिया दोनों ही जगह की नागरिकता है। आयशा खुद एक किकबॉक्सर हैं।