आयुक्त पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप, कलक्टर से शिकायत
by seemasandesh
सफाई कर्मचारियों का जिला कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। नगर परिषद आयुक्त पर जान-बूझकर मांगों की अनदेखी करने व अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए गुरुवार को सफाई कर्मचारियों ने अखिल राजस्थान सफाई मजदूर कांग्रेस, जयपुर के बैनर तले जिला कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। साथ ही मांगों के संबंध में अतिरिक्त जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर संगठन के प्रदेश सचिव बिहारीलाल अठवाल ने कहा कि स्थाई एवं अस्थाई सफाई कर्मचारियों की छह सूत्री मांगों के निस्तारण की मांग संगठन काफी लम्बे समय से नगर परिषद प्रशासन से कर रहा है। हर बार आयुक्त की ओर से झूठा आश्वासन देकर टाल-मटोल कर दी जाती है। सफाई कर्मचारी 19 जुलाई को संगठन के शिष्टमण्डल के साथ नगर परिषद सभापति को छह सूत्री मांगों का ज्ञापन देने के लिए गए थे। अचानक सभापति का स्वास्थ्य खराब होने के कारण सभापति के कहने पर वे आयुक्त को ज्ञापन सौंपने गए तो आयुक्त ने मांगों को न मानने से इन्कार ही नहीं किया बल्कि निदेशक, स्थानीय निकास विभाग जयपुर के आदेशों को भी नकराते हुए अभद्रतापूर्वक व्यवहार किया और कहा कि हम जैसा चाहेंगे वैसा ही करेंगे। जब उन्होंने इसकी शिकायत जिला कलक्टर से करने की बात कही तो आयुक्त ने गुस्से में आकर कहा कि तुम्हारी जितनी औकात है उन सबसे मिलो। हम तो अपनी मर्जी से नगर परिषद को चलाएंगे। अठवाल ने कहा कि वाल्मीकि समाज के सफाई कर्मचारियों के साथ किए गए अभद्र व्यवहार से सभी सफाई कर्मचारियों में काफी रोष व्याप्त है, जो धीरे-धीरे पूरे राजस्थान में आन्दोलन का कारण भी बन सकता है। उन्होंने मांगों को सात दिन में निस्तारण करवाने के लिए आयुक्त को आदेश देने के साथ ही आयुक्त की ओर से कहे गए अपशब्द वापस लेकर माफी मांगने की मांग की गई। मांग न माने जाने पर जिले भर में धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी। इस मौके पर संगठन जिलाध्यक्ष सुरेश चांवरिया, उपाध्यक्ष विनोद टाक, महासचिव प्रकाश गोंद, नगर अध्यक्ष रतनलाल अठवाल, नगर उपाध्यक्ष भारत घावरी, विनोद कुमार, मुकेश अठवाल, राजकुमार धारीवाल, ललिता देवी, बाबूलाल लहरी सहित कई सफाई कर्मचारी मौजूद थे।