Saturday, June 27निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

सिंचाई पानी दिलाने व बिगड़ी कानून व्यवस्था सुधारने की मांग को लेकर भाजपा की सभा व जिला कलक्ट्रेट का घेराव

सभा में भाजपा नेताओं का ऐलान- सिंचाई पानी नहीं मिला तो हेड पर करेंगे कब्जा

  • भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ दुर्व्यवहार करने पर टोल नाकों पर बैठे लोग भी रहे वक्ताओं के निशाने पर, संगरिया विधायक शाहपीनी के निशाने पर रहे हनुमानगढ़ विधायक, कहा- इलाके की जनता ने जिस व्यक्ति को चुनकर विधानसभा में भेजा, वह विधानसभा में सोने के सिवाय नहीं करता कोई काम
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    सिंचाई पानी उपलब्ध करवाने व बिगड़ी कानून व्यवस्था में सुधार की मुख्य मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकतार्ओं ने गुरुवार को पूर्व घोषणानुसार जिला कलक्ट्रेट का घेराव किया। घेराव-प्रदर्शन के दौरान राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा राज्यपाल के नाम पांच सूत्री मांगपत्र जिला कलक्टर को सौंपा। इससे पहले नई धानमंडी में शैड के नीचे सभा की गई। सभा में वक्ताओं ने राज्य सरकार को पूरा सिंचाई पानी न मिलने व बिगड़ी कानून व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार को घेरा। सभा को पूर्व मंत्री डॉ. रामप्रताप, भाजपा जिलाध्यक्ष बलवीर बिश्नोई, पीलीबंगा विधायक धर्मंेद्र मोची, संगरिया विधायक गुरदीप सिंह शाहपीनी, पूर्व विधायक अभिषेक मटोरिया, संजीव बेनीवाल, एससी मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष कैलाश मेघवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष काशीराम गोदारा सहित पार्टी के अन्य नेताओं ने संबोधित किया। पूर्व मंत्री डॉ. रामप्रताप ने कहा कि किसानों की फसलें खराब हो रही हैं। नहरों में पानी नहीं है। कानून व्यवस्था भी बदहाल है। जिले में नशे का कारोबार बढ़ता जा रहा है। युवा पीढ़ी नशे की गर्त में धंसती जा रही है। महिलाओं पर अत्याचार बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों के सम्पूर्ण कर्जा माफी की घोषणा करके सत्ता में आने के बाद भी अब तक किसानों का कर्जा माफ नहीं कर पाई। मुख्यमंत्री के पास सिंचाई विभाग होते हुए भी पिछले पांच माह से नहरों में पानी नहीं है। इस वजह से किसानों की फसल बर्बाद हो रही है। बेरोजगारों को रोजगार नहीं मिल रहा। न ही बेरोजगारी भत्ता। बिजली की दरें लगातार बढ़ती जा रही हैं। कानून व्यवस्था राज्य में बिगड़ी हुई है और अपराधियों के हौंसले बुलंद हैं। खनन माफिया भी आए दिन वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। पीलीबंगा विधायक धर्मंेद्र मोची ने कहा कि राज्य सरकार की निरंकुशता के कारण किसानों को पूरा सिंचाई पानी नहीं मिल रहा। अपने हिस्से का पानी पाकिस्तान जा रहा है। लेकिन आज किसान जाग उठा है। यदि राजस्थान कैनाल का रेगुलेशन नहीं बना तो वे भी हेड पर कब्जा कर पानी आगे जाने से रोकेंगे। क्योंकि उनकी भी फसलें पानी के अभाव में सूख रही हैं। उन्होंने कहा कि पीने वाले पानी के नाम पर हमारे साथ ड्रामा हो रहा है। कभी नहर दो दिन तो कभी तीन दिन छोड़ी जाती है। अंतिम छोर तक पानी नहीं पहुंचता। उन्होंने किसानों से आह्वान करते हुए कहा कि यदि हम इस नालायक सरकार के खिलाफ एकजुट नहीं होंगे, प्रशासन को चेताएंगे नहीं तब तक हमें पानी नहीं मिलेगा। टोल नाके पर कृषि कानूनों के विरोध में धरने पर बैठे लोगों की ओर से भाजपा नेताओं की गाडिय़ों को रूकवाकर नुकसान पहुंचाने के घटनाक्रम का हवाला देते हुए विधायक मोची ने कहा कि प्रजातंत्र में विरोध करना गलत बात नहीं है। लेकिन जिस तरह का व्यवहार प्रदर्शनकारी, भाजपा नेताओं के साथ कर रहे हैं वह बर्दाश्त नहीं होगा। क्योंकि हम भी किसान हैं। उन्होंने कहा कि टोल नाकों पर बैठे लोग सिंचाई पानी की मांग नहीं कर रहे। पानी हमारे पास है लेकिन फिर भी नहीं ले पा रहे। आज हम पानी के लिए पंजाब की तरफ देख रहे हैं। जिस प्रकार से राजस्थान सरकार किसानों के साथ कुठाराघात कर रही है वह किसी से छुपा नहीं है। संगरिया विधायक गुरदीप सिंह शाहपीनी ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था बदहाल है। रोजाना कहीं न कहीं से चोरी, डकैती, लूट, हत्या, दुष्कर्म के मामले सुनने को मिल रहे हैं। उन्होंने सिंचाई पानी के मुद्दे पर बोलते हुए आरोप लगाया कि जब से राज्य की सत्ता में कांग्रेस सरकार व जल संसाधन खण्ड हनुमानगढ़ के मुख्य अभियंता आए हैं तब से राजस्थान व गंग कैनाल का बेड़ा गर्क हो गया है। उन्होंने कार्यकतार्ओं से आह्वान किया कि अगर एक सप्ताह में रेगुलेशन नहीं बना तो मसीतांवाली व लखूवाली हेड पर कब्जा किया जाएगा। शाहपीनी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की गहलोत सरकार किसान आंदोलन की आड़ में आग में घी डालने का काम कर रही है। राज्य सरकार ने धान की एमएसपी पर खरीद की सिफारिश नहीं की। इस कारण धान की फसल एमएसपी पर नहीं बिकी। राजस्थान सरकार ने जान-बूझकर किसानों को भड़काने के लिए यह सब किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर अभी से दबाव बनाना होगा ताकि राज्य सरकार धान की एमएसपी पर खरीद की सिफारिश केन्द्र सरकार से करे और किसान को उसकी फसल का उचित दाम मिल सके। साथ ही संगरिया विधायक शाहपीनी ने हनुमानगढ़ विधायक पर निशाना साधते हुए कहा कि इलाके की जनता ने जिस व्यक्ति को चुनकर विधानसभा में भेजा है वह विधानसभा में सोने के सिवाय कोई काम नहीं करता। उन्होंने आज तक एक शब्द भी विधानसभा में नहीं बोला। पूर्व विधायक अभिषेक मटोरिया ने कहा कि कांग्रेसी छाती ठोककर एक ऐसी उपलब्धि नहीं बता सकते जो राज्य सरकार ने ढाई साल के कार्यकाल में हासिल की हो। उन्होंने कहा कि आज भी गांवों में पूर्ववर्ती भाजपा के शासन में जो भी विकास कार्य मंजूर हुए हैं, उन कार्यांे की शिलान्यास पट्टिका लगाने का काम कांग्रेस की सरकार व उनके नुमाइंदे कर रहे हैं। जल जीवन मिशन में आधे से ज्यादा पैसे केन्द्र सरकार के हैं, उसमें भी कांग्रेस नेता अपने नाम की पट्टी लगा रहे हैं। ढाणी-ढाणी विद्युतीकरण भाजपा के शासनकाल में शुरू हुआ था। आज कांग्रेस सरकार में उसका कोई नामोनिशान नहीं है। विकास के नाम पर जीरो बट्टा जीरो नंबर राज्य सरकार को मिलते हैं। अब जब पानी सिर से ऊपर निकल गया तो भाजपा को घेराव-प्रदर्शन करने का निर्णय लेना पड़ा। उन्होंने कहा कि एक बुलंद आवाज, बुलंद विपक्ष व सशक्त विपक्ष के रूप में भाजपा आज ढाई साल की नाकाम व नकारा कांग्रेस सरकार के खिलाफ लामबंद हुई है। लामबंद होने का किसी का व्यक्तित्व लाभ नहीं है। इस भीड़ की चर्चा जब प्रदेश में होगी तो हनुमानगढ़ जिले के किसान, व्यापारी व मजदूर को जो पीड़ा इस प्रदेश में कांग्रेस सरकार की नाकामी की वजह से हो रही है, आंख मूंदने की वजह से हो रही है। उससे राहत मिलेगी। सभा में पूर्व उपसभापति नगीना बाई, गुलाब सींवर, रामसिंह बराड़, पूर्व प्रधान अमरसिंह, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष सुशील गोदारा, भाजयुमो जिलाध्यक्ष सुशील जोशी, पूर्व चेयरमैन अमरसिंह राठौड़, जुगल किशोर गौड़, जिला मीडिया प्रभारी दीपक खाती, नगरमण्डल अध्यक्ष पवन श्रीवास्तव, भाजयुमो के जयपुर संभाग प्रभारी देवेन्द्र पारीक, पार्षद सुनील अमलानी, हिमांशु महर्षि, नारायण नायक सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि, पार्टी नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे। सभा के बाद भाजपा कार्यकर्ता जिला कलक्ट्रेट पहुंचे। जिला कलक्ट्रेट के मुख्य गेट पर पुलिस कर्मी तैनात होने के चलते कार्यकर्ता एसपी कार्यालय के गेट की तरफ से कलक्ट्रेट में घुस गए तथा कलक्ट्रेट परिसर में पहुंच जमकर नारेबाजी की तथा जिला कलक्टर को मांगों के संबंध में ज्ञापन सौंपा।
    एसपी से मिले भाजपा नेता
    टोल नाकों पर पुलिस की मौजूदगी में भाजपा कार्यकतार्ओं को रोककर उनकी गाडिय़ों पर लाठियां बरसाने के घटनाक्रम को लेकर पूर्व मंत्री डॉ. रामप्रताप के नेतृत्व में भाजपा नेता पुलिस अधीक्षक प्रीति जैन से भी मिले। एसपी से मिले भाजपा नेताओं ने बताया कि डबलीराठान व कोहला के टोल नाका पर बैठे लोगों ने पुलिस की मौजूदगी में वहां से गुजर रहे भाजपा कार्यकतार्ओं की गाडिय़ों पर लाठियां बरसाई। भादरा के पूर्व विधायक संजीव बेनीवाल ने कहा कि जब वे कोहला टोल नाका पर पहुंचे तो उनकी गाड़ी को रूकवा लिया गया तथा गाड़ी पर लाठियों से वार किए। तभी वहां मौजूद एक पुलिस इंस्पेक्टर ने उन्हें यहां तक कह दिया कि वे प्रदर्शनकारियों के पक्ष में नारे लगा दें तो वे उन्हें वहां से जान दे देंगे। पूर्व विधायक बेनीवाल का कहना था कि डेमोक्रेसी में नारेबाजी करना व काले झंडे दिखाने का अधिकार है। लेकिन एक पुलिस इंस्पेक्टर को उन्हें यह कहने का अधिकार नहीं है। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष बलवीर बिश्नोई ने कहा कि भविष्य में किसी भाजपा कार्यकर्ता के साथ टोल नाके पर इस तरह की कोई घटना न हो, इसके लिए पुलिस अधिकारियों को पाबंद किया जाए। साथ ही कहा कि अगर कार्यकर्ता के साथ कोई घटना होती है तो इसकी जिम्मेदार पुलिस होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *