फरार तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। गांव बहलोलनगर और सहजीपुरा से 8 बकरियां चोरी करने के संबंध में दर्ज मुकदमे में गिरफ्तार दोनों आरोपियों की निशानदेही पर सदर पुलिस ने चोरीशुदा 6 बकरियां बरामद कर ली हैं। पुलिस की पूछताछ में यह बात सामने आई है कि इनका एक और साथी है जो वारदातों में साथ था। इस खुलासे के आधार पर पुलिस उसकी गिरफ्तारी के साथ शेष दो बकरियां बरामदगी के प्रयासों में जुटी है। थाना प्रभारी चन्द्रभान धुआं ने बताया कि 23 व 25 फरवरी को गांव सहजीपुरा व बहलोलनगर के तीन घरों से 8 बकरियां चोरी हुई थी। मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पशुधन की हो रही चोरी की घटनाओं का खुलासा करने के लिए जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अजयसिंह राठौड़ की ओर से पुलिस थाना स्तर पर टीम गठित की गई। टीम ने तीन-चार माह के सीसीटीवी फुटेज चैक किए। तकनीकी व गोपनीय जानकारी हासिल कर दो दिन पूर्व हजरत अली (24) पुत्र फतेह मोहम्मद निवासी मसानी पीएस टिब्बी और मुकेश कुमार (21) पुत्र रमेश कुमार मेघवाल निवासी वार्ड 1, तीन केकेडब्ल्यू, नवां को गिरफ्तार किया। दोनों का पीसी रिमांड मंजूर करवाया गया। पीसी रिमांड के दौरान हुई पूछताछ में इन चोरियों के अलावा बकरी चोरी की करीब आधा दर्जन और वारदातें करना स्वीकारा। इन्होंने पुरुषोत्तम बास, नवांं, लीलांवाली, खिलेरीबास, मसानी, गाहडू आदि जगहों पर बकरी चोरी की वारदातें स्वीकारी हैं। संबंधित थाना को सूचित कर दिया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर छह बकरियां बरामद कर ली गई हैं। दो बकरियों की बरामदगी की जानी है। इनका तीसरा साथी अलादीन निवासी किकरवाली अभी फरार चल रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है। गौरतलब है कि 3 मार्च को बिन्द्रकौर पत्नी श्रवणसिंह मजहबी निवासी बहलोलनगर, जसविन्द्र कौर पत्नी सुच्चासिंह निवासी सहजीपुरा व छिन्द्रपाल कौर पत्नी गोपीसिंह निवासी सहजीपुरा ने मुकदमा दर्ज करवाया था कि 22 व 25 फरवरी की रात्रि को कोई अज्ञात व्यक्ति उनके घर में घुसकर 8 बकरियां चोरी कर ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल मदनलाल शर्मा को सौंपी।