Wednesday, May 13निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

हेरोइन बेचने वाला भेजा जेल, तस्कर का बढ़वाया रिमांड

  • मुख्य सप्लायर के भी धरपकड़ के प्रयासों में भी जुटी पुलिस
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    90 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामदगी के मामले में गिरफ्तार किए गए हेरोइन बेचने वाले आरोपी को सदर पुलिस ने सोमवार को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भिजवा दिया। हेरोइन बेचने वाले आरोपी विक्रमजीत उर्फ विक्की पुत्र सतनाम अरोड़ा निवासी मोरीवाला जिला सिरसा हरियाणा को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार किया था। वहीं पुलिस ने रिमांड पर चल रहे तस्कर बाबू खां (24) पुत्र नानू खां निवासी वार्ड 39, प्रेमनगर, टाउन को रिमांड अवधि समाप्त होने पर सोमवार को न्यायालय में पेश कर पीसी रिमांड की अवधि बढ़वाई है। मामले की जांच कर रहे सदर थाना प्रभारी चन्द्रभान धुआं ने बताया कि पूछताछ में बाबू खां ने विक्की के जरिए दिल्ली से चिट्टा लाने की बात स्वीकारी थी। इस खुलासे के बाद विक्की को गिरफ्तार किया गया। बाबू खां की रिमांड अवधि बढ़वा दिल्ली में सप्लायरों के संबंध में अनुसंधान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। गौरतलब है कि टाउन थाना की एसआई शालू बिश्नोई के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम 10 जून की रात गश्त कर रही थी। गश्त के दौरान पुलिस टीम ने टिब्बी रोड पर नाकाबंदी की। नाकाबंदी के दौरान टिब्बी की तरफ से एक कार आती दिखी। पुलिस टीम को देख कार चालक घबरा गया और गाड़ी को रोककर वापस मोडने का प्रयास किया। शक होने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार को रूकवा लिया। कार चला रहे युवक की तलाशी ली तो उसके पास से 90 ग्राम हेरोइन मिली। पुलिस ने हेरोइन जब्त कर मौके से बाबू खां को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच सदर थाना प्रभारी को सौंपी गई।