Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

इंटरव्यू:नूपुर अलंकार के बहनोई अफगानिस्तान में फंसे, एक्ट्रेस बोलीं-वे काबुल काम के सिलसिले में गए थे, 15 अगस्त को भारत लौटने वाले थे

मुंबई

एक्ट्रेस नूपुर अलंकार के बहनोई कौशल अग्रवाल अफगानिस्तान के कंधार शहर में फंसे हुए हैं। अलंकार ने बताया की उनकी अपने बहनोई कौशल अग्रवाल से आखिरी बार बात 17 अगस्त को हुई थी। हालांकि, अब उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है।

इंडियन एंबेसी से ईमेल के जरिए संपर्क करने की कोशिश की है
नूपुर अलंकार ने बताया, “मेरी छोटी बहन जिज्ञासा बहुत परेशान है, वो घबरा गई है। हम सभी परिवार वाले उन्हें हिम्मत देने की कोशिश कर रहे हैं। हमें यकीन है की कौशल जहां कहीं भी होगा सुरक्षित होगा। हम बस उनके सिर्फ एक फोन कॉल का इंतजार कर रहे हैं। अफगानिस्तान की हालत बहुत खराब है, मेरे बहनोई वहां फंस गए है। फिलहाल मैंने हमारी इंडियन एंबेसी से ईमेल के जरिए संपर्क करने की कोशिश की है। हमने उनसे इस मामले में जांच करने की गुहार लगाई है।”

17 अगस्त को कौशल से आखिरी बार वीडियो कॉल पर हुई थी बात
नूपुर अलंकार ने आगे कहा, “17 अगस्त की शाम मैंने कौशल से वीडियो कॉल पर बात की थी। बातचीत के दौरान उन्होंने बताया था कि वे अपने ऑफिस की खिड़की के जरिए तालिबान और अफगानी मिलिट्री के बीच झड़प को देख रहे थे। हालांकि, उसने कहा था कि वो सुरक्षित है, लेकिन अब जब उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा तो बहुत घबराहट हो रही है।”

नूपुर अलंकार के बहनोई कौशल अग्रवाल का अफगानिस्तान का वीजा।

नूपुर अलंकार के बहनोई कौशल अग्रवाल का अफगानिस्तान का वीजा।

15 अगस्त को कौशल काबुल से भारत लौटने वाले थे
बातचीत के दौरान नूपुर ने बताया की कौशल ड्राई फ्रूट्स के मैन्युफैक्चरिंग के काम से जुड़े हुए है। इस बारे में नूपुर ने कहा, “लॉकडाउन के बीच कौशल को काबुल से अंजीर और खजूर के सिलसिले में काम मिला था। हम शुरूआत से ही उन्हें काबुल जाने के लिए मना कर रहे थे, क्योंकि वो जगह सेफ नहीं है, लेकिन कौशल नहीं माने। भारत में लॉकडाउन की वजह से उनके काम में थोड़ी रुकावट आ गई थी और इसलिए जब उन्हें काबुल से ऑफर आया, तो उन्होंने उसके लिए तुरंत हामी भर दी थी। 16 जुलाई को वे काबुल पहुंचे और वहां से वे कंधार चले गए। 15 अगस्त को वे भारत लौटने वाले थे, लेकिन इसी बीच तालिबान के लोगों ने पूरी जगह घेर ली। हम सब बस उम्मीद कर रहे हैं कि जल्द से जल्द किसी भी तरह हम कौशल से संपर्क कर पाएं।”

कंधार में बिजली, पानी नहीं है
नूपुर अलंकार से वीडियो कॉल पर हुई बातचीत के दौरान कौशल ने उन्हें अफगानिस्तान के हालत के बारे में कुछ बातें बताईं थीं। इस बारे में नूपुर ने बताया, “वीडियो कॉल के दौरान मैंने देखा की कौशल की दाढ़ी काफी बढ़ी हुई थी, इसकी वजह पूंछने पर उन्होंने कहा कि यहां शेविंग करने की परमिशन नहीं है। दूसरी चीज उसने बताई थी कि 3 दिन में वे एक बार ही नहा पाते हैं, उतना ही पानी है। तीसरी बात ये थी कि वहां रात में बिजली नहीं थी, वे कार की बैटरी से मोबाइल चार्ज करके बात कर रहे थे। वे कंधार से काबुल नहीं जा पा रहे हैं। ये मेरी उनसे आखरी बातें थीं।” बता दें कि, 50 साल के कौशल अग्रवाल मुंबई के कांदिवली इलाके में रहते हैं। उनकी पत्नी जिज्ञासा के अलावा उनके दो जुड़वा बच्चे भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *