टीम इंडिया इंग्लैंड के खिलाफ 4 टेस्ट सीरीज का पहला मैच गंवाकर 0-1 से पिछड़ गई है। चेन्नई टेस्ट में उसे 227 रन से शिकस्त झेलनी पड़ी। इस पर मैच के बाद कप्तान विराट कोहली ने कहा कि वे इस मैच में की गई गलतियों को नहीं दोहराना चाहेंगे और सीरीज जीतने की कोशिश करेंगे। ऐसे में यदि पहला मैच हारकर सीरीज जीतने का रिकॉर्ड देखें तो इंग्लैंड के खिलाफ भारत को मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।
ऐसा इसलिए क्योंकि, टेस्ट इतिहास में इस तरह से अब तक इंग्लैंड ने सबसे ज्यादा 14 बार सीरीज जीती हैं। वहीं, टीम इंडिया 5 बार ही पहला टेस्ट हारकर सीरीज जीत सकी है। हालांकि, टीम इंडिया इस तरह इंग्लैंड को एक बार शिकस्त दे चुकी है। उसने 49 साल पहले (1972-73) घरेलू सीरीज में इंग्लैंड को हराया था।
इंग्लैंड ने 3 बार भारत को हराया
हालांकि, इस मामले में भी इंग्लैंड भारी है, क्योंकि वह 3 बार भारतीय टीम को इस तरह सीरीज में शिकस्त दे चुकी है। दो बार 1985, 2013 भारत को उसी के घर में हराया, जबकि एक बार 2014 में इंग्लैंड ने अपने घर में टीम इंडिया को हराया था।
भारत ने पिछली सीरीज इसी तरह जीती
टीम इंडिया के लिए अच्छी बात यह है कि वह पिछली सीरीज इसी तरह जीतकर आ रही है। भारत ने पिछले ही महीने ऑस्ट्रेलिया को उसी के घर में पहला टेस्ट हारने के बावजूद 2-1 से सीरीज में शिकस्त दी थी। एशिया के बाहर टीम इंडिया की इस तरह से यह पहली टेस्ट सीरीज में जीत रही।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में टीम इंडिया के सीरीज खत्म होने तक 9 से ज्यादा खिलाड़ी चोटिल हो गए थे। विराट कोहली की गैरमौजूदगी में आखिरी तीन टेस्ट में अजिंक्य रहाणे ने कप्तानी की थी। उन्होंने नेट बॉलर्स और टी-20 के बल्लेबाजों के दम पर ऑस्ट्रेलिया को शिकस्त दी थी। जबकि मौजूदा इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में कोहली समेत फ्रंट लाइन बॉलर्स भी शामिल हैं।
इंग्लैंड ने पिछले साल साउथ अफ्रीका को हराया था
इंग्लिश टीम ने कुछ इसी अंदाज में साउथ अफ्रीका को उसी के घर में पिछले साल ही शिकस्त दी थी। पहला टेस्ट हारने के बावजूद इंग्लैंड ने साउथ अफ्रीका को 3-1 से सीरीज में शिकस्त दी थी।
भारत ने ओवरऑल 167 में से 69 टेस्ट सीरीज जीतीं
टेस्ट इतिहास में टीम इंडिया ने ओवरऑल 167 टेस्ट सीरीज खेलीं, जिसमें से 69 जीतीं, 65 हारीं और 33 ड्रॉ रहीं। वहीं, इंग्लैंड के खिलाफ भारत ने अब तक 33 द्विपक्षीय टेस्ट सीरीज खेलीं, जिसमें से 10 जीतीं, 19 हारीं और 4 सीरीज ड्रॉ खेलीं।