दो पेज के सुसाइड नोट में लिखा-पति बेकसूर, ससुर की घर में नहीं चलती
श्रीगंगानगर। हनुमानगढ़ मार्ग पर स्थित नेहरानगर में बीए-बीएड उच्च शिक्षित युवती ने ननदों और सास द्वारा प्रताड़ित किए जाने पर घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को उसके कमरे में सुसाइड नोट मिला,जिसमें मृतका ने सास और ननदों पर परेशान करने का आरोप लगाया है।वही पति को बेकसूर बताते हुए लिखा है कि ससुर की घर में चलती ही नहीं है। पुलिस ने मृतका के पिता द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर दो ननदों और सास पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। मृतका के कमरे को पुलिस ने फिलहाल सील कर रखा है। जिसकी बाद में गहन जांच की जाएगी।
महिला थाना पुलिस के अनुसार भागीरथ शाक्य (51) निवासी चक 22-पीएस थाना रायसिंहनगर द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर उसकी पुत्री शिवानी 28) को मरने के लिए मजबूर कर देने के आरोप में नेहरानगर निवासी अनुराधा,शालू और इनकी मां के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। भागीरथ शाक्य ने बताया है कि विगत शनिवार शाम करीब 4 बजे उन्हें पता चला कि खुदकुशी कर ली है। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर गई तो नेहरानगर में महाराजसिंह के मकान के ऊपर वाले कमरे में शिवानी की लाश फंदे पर लटकते मिली। कमरे की तलाशी लेने पर रजिस्टर के एक पन्ने के दोनों तरफ लिखा हुआ काफी लंबा सुसाइड नोट मिला। पुलिस के मुताबिक सुसाइड नोट में शिवानी ने दोनों ननदों पर उंगली उठाते हुए सास पर भी प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। भागीरथ के अनुसार शिवानी की शादी 5 फरवरी 2015 को रायसिंहनगर के एक पैलेस में बड़े शानदार तरीके से महाराजसिंह के पुत्र विपिन से की गई थी। शादी के बाद शिवानी के एक पुत्र विदित (5) हुआ। विवाह के दिनों बाद ही ननद अनुराधा, छोटी ननद शालू और सास ने शिवानी को तंग परेशान करना शुरू कर दिया।
भागीरथ शाक्य ने बताया कि उसका दामाद विपिन जयपुर की एक कंपनी में काम करता है। शिवानी बीए-बीएड शिक्षित थी।वह अध्यापक भर्ती परीक्षा की तैयारी भी कर रही थी।लगभग 2 महीने जयपुर में पति के पास रहकर करीब डेढ़ महीना पहले वापस आई थी। उसने जयपुर की एक कंपनी में नौकरी के लिए इंटरव्यू भी दे रखा था। मगर सास और ननद उसे नौकरी करना ही नहीं देना चाहते थे। भागीरथ ने आरोप लगाया कि मां- बेटियों ने घर का माहौल काफी खराब कर रखा था। सुसाइड नोट में मृतका शिवानी ने इनके चरित्र को लेकर भी उंगलियां उठाई है। ससुर महाराजसिंह बीएसएनएल का रिटायर्ड कर्मी है।अपने ससुर के बारे में शिवानी ने लिखा कि उसकी घर में नहीं चलती। उसके द्वारा खुदकुशी करने में पति की कोई गलती नहीं है। पिता ने बताया कि उसे शनिवार शाम करीब 4 बजे ससुर ने फोन कर सूचना दी कि शिवानी ने खुदकुशी कर ली है। शिवानी घर के ऊपर वाले कमरे में रहती थी। जब उसने फंदा लगाया तो परिवार के बाकी लोग नीचे घर में थे। बाद में पुलिस ने मौके पर आकर कार्रवाई करने के दौरान इस कमरे को सील कर दिया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक कमरे की एफएसएल टीम से गहन जांच करवाई जाएगी।थाना प्रभारी श्रीमती राजेश ने बताया कि कल रविवार को पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव पीहर वालों के सुपुर्द कर दिया गया। मामले की जांच डीएसपी (महिला अपराध अन्वेषण सेल) धन्नाराम द्वारा की जा रही है।