Thursday, May 7निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

उन्मुक्त चंद के नक्शे कदम पर चले मिलिंद कुमार:दिल्ली के ऑलराउंडर ने 30 साल की उम्र में किया संन्यास का ऐलान, अब अमेरिका में खेलेंगे क्रिकेट

दिल्ली के ऑलराउंडर मिलिंद कुमार ने भारतीय क्रिकेट से संन्यास का एलान कर दिया है। मिलिंद अब अमेरिका में माइनर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट में खेलते नजर आएंगे। आईपीएल में भी मिलिंद कुमार दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम का भी हिस्सा रह चुके हैं।

अमेरिका से करेंगे एक नई शुरुआत
मिलिंद कुमार भारतीय क्रिकेट से दूरी बनाने के बाद अब अमेरिका में अपने क्रिकेट करियर की एक नई शुरुआत करते नजर आएंगे। अमेरिका की माइनर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट में मिलिंद फिलाडेल्फियंस टीम से खेलेंगे।

दो खिलाड़ी पहले ही बन चुके हैं इस लीग का हिस्सा
वैसे मिलिंद कुमार पहले भारतीय खिलाड़ी नहीं है, जिन्होंने भारत छोड़ अमेरिका का रुख किया है। मिलिंद से पहले दो खिलाड़ी मनन शर्मा और भारत को 2012 में अंडर-19 वर्ल्ड कप जीताने वाले उन्मुक्त चंद भी अब अमेरिका के लिए खेल रहे हैं।

ऐसा रहा मिलिंद का करियर
घरेलू क्रिकेट में मिलिंद कुमार दिल्ली, सिक्किम और त्रिपुरा के लिए खेले। 30 साल के खिलाड़ी ने 46 फर्स्ट क्लास मैचों में 46.68 की औसत के साथ 2988 रन बनाए और 33 विकेट लेने में सफल रहे। 65 लिस्ट ए मैचों में उनके बल्ले से 2023 रन देखने को मिले और उनके खाते में 12 विकेट आए। 58 टी-20 मुकाबलों में मिलिंद ने 1176 रन बनाए।

2018-19 की रणजी ट्रॉफी में मिलिंद सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे थे। आठ मैचों में उन्होंने सिक्किम के लिए 121 की शानदार औसत के साथ कुल 1331 रन बनाए थे।

BCCI को दी जानकारी
दाएं हाथ के खिलाड़ी ने अपने संन्यास की जानकारी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) को दे दी है। टाइम्स ऑफ इंडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा- हां, मैंने बीसीसीआई को भारत में क्रिकेट से संन्यास लेने के अपने फैसले की जानकारी दे दी है। मुझे विराट कोहली, शिखर धवन और इशांत शर्मा जैसे महान खिलाड़ियों के साथ दिल्ली के लिए खेलने में काफी अच्छा लगा। अब यह आगे बढ़ने का समय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *