मुंबई
भारत और न्यूजीलैंड के बीच इस महीने तीन टी-20 और दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जाएगी। टी-20 के लिए भारतीय टीम का एलान कर दिया गया है। वहीं, टेस्ट के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने अभी टीम का एलान नहीं किया है। अगले कुछ दिनों में इसकी भी घोषणा हो जाएगी। ऐसा माना जा रहा है कि पहले टेस्ट में विराट को आराम दिया जा सकता है। उनकी जगह रोहित शर्मा ही कप्तानी करेंगे। वहीं, दूसरे टेस्ट से विराट वापसी करेंगे और तब वह कमान संभालेंगे।
साहा को टेस्ट टीम से बाहर किया जा सकता है
इस टेस्ट सीरीज को लेकर बीसीसीआई और भी कई बड़े बदलाव कर सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विकेटकीपर बल्लेबाज ऋद्धिमान साहा को टीम से बाहर किया जा सकता है और उनकी जगह केएस भरत को दूसरे विकेटकीपर के तौर पर मौका मिल सकता है। ऋषभ पंत पहली पसंद होंगे। इसके बाद टीम साहा को मौका दे रही थी। वहीं, भरत रिजर्व के तौर पर ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड दौरे पर गए थे। लेकिन अब उन्हें प्रमोशन मिल सकता है।