नई दिल्ली
कोलकाता नाइट राइडर्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच आईपीएल 2022 का 19वां मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच में केकेआर के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है। अय्यर ने अपनी टीम में तो कोई बदलाव नहीं किया मगर ऋषभ पंत ने अपनी प्लेइंग इलेवन में एक बड़ा बदलाव किया है। उन्होंने एनरिच नॉर्खिया को बाहर कर खलील अहमद को प्लेइंग इलेवन में जगह दी है। पिछले काफी समय से चोट से जूझ रहे नोर्खिया ने लखनऊ सुपर जाइंट्स के खिलाफ मैदान पर वापसी की थी। मगर एक ही मैच बाद ऋषभ पंत ने उन्हें बाहर का रास्ता दिखाया।
लखनऊ के खिलाफ नॉर्खिया लय में नहीं दिखाई दे रहे थे। उनकी गति तो शानदार थी मगर वे लाइन और लेंथ पर फोकस नहीं कर पा रहे थे। पिछले मुकाबले में उन्होंने दो बीमर भी डाली थी जिस वजह से उनको मैच में गेंदबाजी के लिए बैन भी कर दिया था। शायद इसी वजह से पंत ने उन्हें आज प्लेइंग इलेवन से बाहर रखा है।
एनरिच नॉर्खिया दिल्ली द्वारा रिटेन किए गए खिलाड़ियों में से एक थे। ऋषभ पंत की अगुवाई वाली इस टीम ने उन्हें 6.50 करोड़ रुपए की मोटी रकम खर्च कर रिटेन किया था। ऐसे में क्या एक मैच के बाद इस खिलाड़ी को बाहर करना सही फैसला है?